सुंदरगढ़ में सुशासन दिवस आयोजित
सतीश शर्मा (उप संपादक)
पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को जिलास्तरीय सुशासन दिवस का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय सद्भावना भवन में आयोजित कार्यक्रम में सुंदरगढ़ नगर परिषद की अध्यक्ष तनया मिश्रा, अतिरिक्त जिलाधिकारी सूरज कुमार पटनायक, जिला समाज कल्याण अधिकारी कृष्णा कुमारी नंद, तथा सेवानिवृत्त अध्यक्ष चिरव्रत दत्त अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं सरकारी स्वायत्त महाविद्यालय के प्राध्यापक नूतन खमारी ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जिला सूचना एवं लोक संपर्क अधिकारी नंदिनी मुंडारी ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिलाधिकारी पटनायक ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन, योगदान और सुशासन दिवस के महत्व पर विचार रखे। नगर परिषद अध्यक्ष तनया मिश्रा ने वाजपेयी जी के जीवन, राजनीतिक विचारधारा, कार्यशैली और महान व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता नूतन खमारी ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, उनकी राजनीतिक नैतिकता, भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता, जनोन्मुखी शासन व्यवस्था, नैतिक नेतृत्व, राष्ट्रहित, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा उनके साहित्यिक योगदान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान कथाकार डॉ. सुप्रिया पाल, कवि गणेश त्रिपाठी एवं युवा कथाकार लोपामुद्रा मिश्रा के संयोजन में एक भव्य काव्य गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। इसके अलावा छात्रों ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन एवं सुशासन विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री विश्व रंजन साहू ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय व महाविद्यालय के छात्र-छात्राएँ, कवि, लेखक, कथाकार एवं वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





