सड़क हादसे में दो की मौत एक गंभीर

भद्रक जिले के बासुदेवपुर नगर पालिका के तहत एम एल ए,कॉलोनी के पास धामरा जमुझाड़ी मुख्य मार्ग  पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। मोटरसाइकिल सवार तीन युवक हादसे का शिकार हुए है। इनमें से दो की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है। उसे बासुदेवपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  में प्राथमिक उपचार के बाद कटक रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक,बीते कल रविवार की सुबह करीब 11 बजे तीन दोस्त घर से निकलकर मोटरसाइकिल पर बासुदेवपुर से जमुझाड़ी जा रहे थे। आर्या हॉस्पिटल चौक के पास वे सड़क पर बने डिवाइडर से टकरा कर संतुलन खो बैठे और‌ आगे जाकर बिजली के खंभे से टकरा गए। इस वजह से तीनों दोस्त मोटरसाइकिल से मौके पर ही गिर गए। एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी दो को स्थानीय लोगों ने बचाकर बासुदेवपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान एक और युवक की मौत हो गई। डॉक्टर ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवक की हालत बिगड़ने पर उसे कटक के बडे़ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल पर एक्सीडेंट करने वाले तीनों लोग, सान कृष्णपुर ग्राम पंचायत के गादी गांव के अक्षय नायक के बेटे बिस्वजीत नायक, दैत्यारी बिस्वाल के बेटे गोविंदा बिस्वाल और दीनबंधु नायक के बेटे शिव शंकर नायक हैं। दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के परिवार खबर मिलने के बाद बासुदेवपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। स्वास्थ्य केन्द्र में परिजनों की अश्रु धारा फूट पडा़। दो युवकों की मौत की खबर मिलने के बाद स्थानीय इलाके में मातम छा गया है।