चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में गिरी यूवती:आरपीएफ ने की त्वरित कार्यवाही

चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में गिरी यूवती:आरपीएफ ने की त्वरित कार्यवाही

प्रेस विज्ञप्ति:आरपीएफ राउरकेला रेलवे स्टेशन | 15 अक्टूबर 2026

राउरकेला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक युवती संतुलन बिगड़ने से गिर गई। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए युवती की मदद की और उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। यह कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट राउरकेला द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सेवा’ के तहत की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर को सुबह लगभग 9:30 बजे ट्रेन संख्या 18477 राउरकेला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची थी। ट्रेन सुबह 9:47 बजे रवाना हुई। इसी दौरान एक युवती चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म के किनारे की ओर गिर गई।

घटना को देखते ही ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक एल.के. नायक तथा अन्य जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। इस दौरान कुछ यात्रियों ने भी आगे आकर युवती को उठाने में मदद की। पूछताछ में युवती ने अपनी पहचान निकिता पटेल (लगभग 20 वर्ष), पिता प्रमोद पटेल, निवासी बांधपाली, थाना झारसुगुड़ा, ओडिशा के रूप में बताई। वह सामान्य टिकट लेकर झारसुगुड़ा जाने के लिए ट्रेन संख्या 18477 में सवार होने का प्रयास कर रही थी। युवती ने शुरुआत में चोट मामूली बताते हुए चिकित्सा उपचार लेने से इनकार किया और घर लौटने की इच्छा जताई। इसके बाद रेलवे स्टेशन के संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई तथा स्टेशन कर्मचारियों की सहायता से उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। बाद में युवती के अनुरोध पर आरपीएफ कर्मियों ने उसे ट्रेन संख्या 15028 में सवार होने में सहायता की, ताकि वह अपनी आगे की यात्रा कर सके। इस पूरी कार्रवाई में एएसआई एल.के. नायक, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार यादव और महिला कांस्टेबल रूबी देवी की भूमिका रही। आरपीएफ के अनुसार, इस घटना से संबंधित जानकारी रेलवे के सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली (RSMS) में भी अपलोड कर दी गई है।

रेलवे यात्रियों से आरपीएफ की अपील: चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। सुरक्षित यात्रा के लिए ट्रेन के पूरी तरह रुकने की प्रतीक्षा करें।