खड़े ट्रक से 35 हजार टपाये
रामप्रवेश चौधरी (संपादक)
सरेआम घटना को दिया अंजाम, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई रुपये टपाने की घटना। मामले की जांच में जुटी टाउन पुलिस
सुंदरगढ़ जिला के राजगांगपुर शहर में वार्ड नंबर तीन में शीतला माता गली स्थित ग्रेट इंडिया ट्रासंपोर्ट कंपनी के सामने खड़े ट्रक के केबिन से 35 हजार रुपए लेकर दो उच्चके चंपत हो गये।
दिनदहाड़े घटी यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।सीसीटीवी फुटेज के साथ ट्रक ड्राइवर ने राजगांगपुर थाना में मामला दर्ज कराया है।पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
घटना के अनुसार मंगलवार दोपहर ढ़ाई बजे मालवाहक ट्रक नंबर ओ आर 11के 0577 को सामान अनलोड करने ग्रेट इंडिया ट्रासंपोर्ट के सामने खड़ा रखा गया था। ट्रक से सामान खाली करने के बाद चालक ट्रांसपोर्ट कार्यालय के भीतर गया।
वापस लौटने पर ड्राइवर ने देखा कि ट्रक के केबिन में रुपये रखा हुआ बैग नहीं है। समीप में लगे सीसीटीवी कैमरे देखने पर पता चला कि दो युवक पानी पीने के बहाने वहां कुछ समय तक रुके रहे।
और उन्हें जैसे ही मौका मिला ट्रक के केबिन से बैग लेकर फरार हो गए। ट्रक चालक नगीना यादव ने बताया कि बैग में कपड़ा, आधार कार्ड ,पैन कार्ड सहित ट्रक भाड़ा की पैंतीस हजार रुपए की नगद राशि रखी हुई थी, जिसे लेकर उचक्के फरार हो गए।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर सरगर्मी से लुटेरों को तलाश रही है। दिनदहाड़े जन बहुल रास्ते पर ऐसी घटना होने से शहर में तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।





