12 घंटे में 45 वारंटी गिरफ्तार

श्रावस्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 12 घंटे के विशेष अभियान में 45 वारंटियों की गिरफ्तारी

12 घंटे में 45 वारंटी गिरफ्तार

धर्मेन्द्र सिंह (रिपोर्टर) 

श्रावस्ती जिले की पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों पर सख्ती का बड़ा उदाहरण पेश किया है। पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन और पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के नेतृत्व में जनपद भर में वांछित और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए विशेष अभियान के अंतर्गत महज 12 घंटे में बड़ी सफलता हासिल हुई।

जानकारी के अनुसार, बीती रात से लेकर सुबह तक चले इस ऑपरेशन में अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम और क्षेत्राधिकारी इकौना व भिनगा के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थाना प्रभारियों ने संयुक्त कार्रवाई की। नतीजा यह रहा कि अलग-अलग थानों से कुल 45 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें ऐसे आरोपी शामिल हैं जिनके खिलाफ न्यायालयों ने पहले ही वारंट जारी कर रखा था।

गिरफ्तार किए गए वारंटियों पर मारपीट, चोरी, एससी/एसटी एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, गुंडा अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और डीपी एक्ट जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।

थानावार विवरण देखें तो कोतवाली भिनगा से 7, सिरसिया से 6, मल्हीपुर से 4, हरदत्तनगर गिरंट से 8, गिलौला से 5, सोनवा से 6, इकौना से 6 और एनएमपीटी से 3 वारंटी पकड़े गए हैं।

इस विशेष अभियान ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि श्रावस्ती पुलिस अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शने के मूड में नहीं है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी और अपराधियों पर शिकंजा कसने का अभियान आगे भी चलता रहेगा