स्कूल से मध्याह्न भोजन की सामग्री चोरी का खुलासा
बच्चों के निवाले पर डाका: स्कूल से राशन-बर्तन चोरी करने वाला नाबालिग पकड़ाया, बाइक चोरी का भी खुलासा
बिलासपुर (कोटा)। शासकीय प्राथमिक शाला कुवारीमुड़ा में बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए रखे राशन और बर्तनों की चोरी के मामले का कोटा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक नाबालिग विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान उसने स्कूल में चोरी के अलावा एक अन्य स्थान से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।
स्कूल से एक क्विंटल चावल और बर्तन चोरी
प्राथमिक शाला कुवारीमुड़ा की शिक्षिका आराधना पटेल ने 27 अगस्त को कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोर स्कूल कार्यालय में रखी पेटी से मध्याह्न भोजन के लिए रखा दो बोरी चावल, करीब एक क्विंटल, तथा भोजन पकाने के बर्तन चोरी कर ले गए। चोरी हुए बर्तनों में थाली, डेचकी, गंजा सहित अन्य सामान शामिल थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई।
शिकायत के आधार पर कोटा पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
जिले में चलाए जा रहे ‘प्रहार’ एवं नशा विरोधी अभियान के तहत एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ गवाहों से पूछताछ की।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम कुवारीमुड़ा में दबिश देकर संदेह के आधार पर एक नाबालिग को पुलिस सुरक्षा में लिया गया। पूछताछ में उसने स्कूल से राशन और बर्तन चोरी करने की बात स्वीकार की। आगे की पूछताछ में उसने एक अन्य स्थान से मोटरसाइकिल चोरी करने का भी खुलासा किया।
बाल संप्रेषण गृह भेजा गया
पुलिस के अनुसार मामले में विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह, बिलासपुर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक टीकाराम निषाद, प्रधान आरक्षक उमाशंकर राठौर (195) सहित थाना कोटा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्कूल के मध्याह्न भोजन के राशन और बर्तन चोरी के मामले का खुलासा हुआ।





