एक छोटी सी चूक और चली गई जान
लापरवाही बनी काल: राउरकेला में समय बचाने के चक्कर में गई युवक की जान, STI चौक फ्लाईओवर के नीचे बड़ा हादसा
राउरकेला: शहर के STI चौक के निकट आज दोपहर तकरीबन 3:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेल पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से रमाकांत तांती नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सेक्टर-6 के निवासी थे और STI चौक पर ही वेल्डिंग का काम करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, रेलवे ट्रैक को सुरक्षित रूप से पार करने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है। इसके बावजूद रमाकांत ने थोड़ा समय और मेहनत बचाने के लिए पटरी पार करने का खतरनाक रास्ता चुना, जो उनके लिए जानलेवा साबित हुआ। हादसे के बाद लगभग 2 घंटे देर से पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जिसको लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी देखी गई। इस घटना ने एक बार फिर आम लोगों में रेलवे सुरक्षा को लेकर जागरूकता और प्रशासन की मुस्तैदी पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





