लीज और लाइसेंसधारियों के आवास विस्तार को वैध करने की मांग

लीज और लाइसेंसधारियों के आवास विस्तार को वैध करने की मांग

लीज और लाइसेंसधारियों के आवास विस्तार का मामला, विधायक दुर्गा तांती ने सीजीएम को लिखा पत्र

राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के अंतर्गत आने वाले लीज और लाइसेंसधारियों के आवासों में किए गए विस्तार को वैध करने की मांग को लेकर रघुनाथपाली के विधायक दुर्गा चरण तांती ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा है। उन्होंने पहले से किए गए सभी आवासीय विस्तार को वैध मानने तथा भविष्य में आवश्यक विस्तार की अनुमति देने का सुझाव दिया है।

राउरकेला इस्पात संयंत्र के नगर सेवा विभाग द्वारा निर्धारित लाखों रुपये जमा कर कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों और व्यवसायियों ने आवास लीज अथवा 11 महीने और 33 महीने की लाइसेंस व्यवस्था के तहत लिए हैं। इनमें से कई आवास पुराने होने के कारण वर्तमान समय की जरूरतों के अनुरूप नहीं हैं। वहीं, कुछ आवास परिवार के सभी सदस्यों के रहने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। इसी वजह से कई लीज और लाइसेंसधारियों ने अपनी पारिवारिक जरूरतों के अनुसार आवासों का विस्तार कराया है।
हालांकि, आरएसपी के नगर सेवा विभाग ने इन विस्तारों को अवैध बताते हुए उन्हें तोड़ने के लिए अधिकांश लीज और लाइसेंसधारियों को नोटिस जारी किया है। नोटिस मिलने के बाद कई प्रभावित लोगों ने विधायक दुर्गा चरण तांती से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक दुर्गा चरण तांती ने नगर सेवा प्रशासन विभाग के प्रमुख टी. जी. कानेतकर और पी. के. साहू के साथ बैठक कर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान विधायक ने कहा कि लगभग 50 से 60 वर्ष पहले उस समय की जरूरतों को ध्यान में रखकर आवासों का निर्माण किया गया था। लेकिन वर्तमान समय में परिवारों की बढ़ती जरूरतों के कारण ये आवास पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में परिवार के सदस्यों के रहने की सुविधा के लिए आवासों का विस्तार करना स्वाभाविक है।
विधायक ने सुझाव दिया कि पहले से किए गए सभी आवासीय विस्तार को वैध माना जाए। साथ ही, भविष्य में लीज या लाइसेंस पर आवास लेने वाले लोगों को भी अपनी जरूरत के अनुसार आवास विस्तार की अनुमति दी जाए।
इस संबंध में विधायक दुर्गा चरण तांती ने संबंधित अधिकारियों को पत्र सौंपकर लीज और लाइसेंसधारियों की समस्याओं का समाधान करने तथा उन्हें राहत प्रदान करने की मांग की है।