टायर फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड लाखों का सामान जलकर राख
ओडिशा सुंदरगढ़ जिला के राजगांगपुर शहर के बीजू एक्सप्रेस वे के समीप पादा जामपाली स्थित एटिट्यूड एक्जिम प्राइवेट लिमिटेड टायर फैक्ट्री में रविवार सुबह करीब 6 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में फैक्ट्री जलकर राख हो गई। आग से उठे काले धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जहरीले धुएं और राख के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो गया। सड़क से गुजर रहे लोगों को आंखों में जलन की शिकायत हुई, वहीं आसपास के खेतों में लगी सब्जियों पर काले कण गिरने से किसानों ने नुकसान की आशंका जताई है।
घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का आरोप है कि कारखाने में पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं थी। बताया गया कि आग लगने के समय अंदर करीब 15 श्रमिक व प्रबंधक मौजूद थे।
आग बुझाने के लिए डालमिया सीमेंट भारत की दो दमकल गाड़ियां, राउरकेला, रानीबंध और कुतरा अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब छह से सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक लाखों रुपये के टायर व अन्य सामान जल चुके थे। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही राजगांगपुर थाना प्रभारी विजय केसरी दास मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सेकेंडरी बॉयलर फटने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





