ओसारा और पेयजल की समस्या से जूझता विद्यालय
मनोहरपूर :
मनोहरपुर प्रखंड़ के लाईलोर विद्यालय में मध्यान भोजन ओसारा और पेयजल की घोर समस्या देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोहरपुर प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र सारंडा के लाईलोर गांव का शुक्रवार को जि.प. सदस्य सह जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव ने दौरा किया।
अपने दौरे में उन्होंने लाईलोर प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों से चर्चा की और उनसे पढ़ाई से संबधित सवाल भी पूछे।उत्तर में बच्चों ने सभी प्रश्नों के सही जवाब दिये। विद्यालय के प्रधान शिक्षक मानकी सुलंकी ने दौरे में गए सदस्यों को विद्यालय परिसर में खराब पड़े चापाकल की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में पेयजल की घोर समस्या है। बच्चों को पानी पीने के लिए विद्यालय के बाहर जाना पड़ता है।
पानी की समस्या से बच्चों के मध्यान भोजन पर भी असर पड़ रहा है। मध्यान भोजन तैयार करने के लिए विद्यालय में ओसारा भी नहीं है।
इन समस्याओं के प्रति उपाध्यक्ष रंजीत यादव ने विद्यालय के प्रधान शिक्षक को आश्वस्त किया कि विद्यालय परिसर में डीप बोरिंग जलमीनार और ओसारा (शेड) का निर्माण कराया जाएगा। मौके पर विद्यालय के सहायक शिक्षक पार्वती खलखो एवं उनके साथ दौरे में गए ईरूश खाखा, महाबीर कोड़ा, हिंदू हेम्ब्रोम आदि थे।





