एप्रेन्टिसशिप के लिए 12 फ़रवरी से करे आवेदन
झारखंड :
किरीबुरु स्थित सेल प्रबंधन विभिन्न ट्रेडों में 41 लोगों को कराएगी अप्रेंटिसशिप सेल, बीएसएल की किरीबुरु खदान प्रबंधन आटीआई उत्तीर्ण 41 युवाओं को अप्रेंटिसशिप का प्रशिक्षण प्रदान कराने जा रही है। चौथे बैच में फिटर ट्रेड में 14, वेल्डर में 2, इलेक्ट्रिशियन में 23 एवं डीजल मेकैनिक में 2 पद आरक्षित किये गये हैं, युवा बेरोजगारों को उनकी योग्यता के अनुसार शामिल किया जायेगा, इससे संबंधित एक पत्र खदान प्रबंधन द्वारा जारी किया गया है. इसमें शामिल अभ्यर्थी प्रशिक्षण के बाद सेल में नौकरी का दावा तो नहीं कर सकते हैं लेकिन भविष्य में सेल या अन्य कंपनियों में निकलने वाली बहालियों में वह अवश्य शामिल होकर अपनी योग्यता के बदौलत नौकरी प्राप्त कर सकते हैं।
यह अप्रेंटिसशिप पिछले वर्ष के नियमों व शर्तों में थोडा़ बदलाव के आधार पर करायी जायेगी. अप्रेंटिसशिप करने वाले को आवास आदि सुविधा कंपनी उपलब्ध नहीं करायेगी. जबकि प्रशिक्षण अवधि तक एक निर्धारित छात्रवृत्ति देगी. इसके लिये शैक्षणिक योग्यता हाईस्कूल पास एंव आइटीआई उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदन के लिए आयु सीमा न्यूनतम 18 वर्ष एंव अधिकतम अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति के लिए -35 वर्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए -33 वर्ष एवं अनारक्षित वर्ग के लिए -30 वर्ष रखा गया है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थीयो झारखण्ड के पश्चिम सिंहभूम एवं ओडि़सा के क्योंझर जिले के निवासी होने चाहिये।
इसमें पहली प्राथमिकता सीएसआर के तहत सेल किरीबुरु द्वारा प्रायोजित आईटीआई उत्तीर्ण। दूसरी प्राथमिकता में मेघाहातुबुरू (उत्तर)/किरीबुरू (पश्चिम) किरीबुरू टाउनशिप/पंचायतों या बोलानी ग्राम पंचायत के किरीबुरू हिलटॉप/पचेरी/होरोमोटो गांव में रहने वाले आवेदक, तीसरी प्राथमिकता में सीएसआर के तहत सेल, मनोहरपुर अयस्क खदान, चिडि़या द्वारा प्रायोजित आईटीआई पास उत्तीर्ण, चौथी प्राथमिकता में सीएसआर के तहत सेल, जेजीओएम द्वारा प्रायोजित आईटीआई उत्तीर्ण, यानी मेघाहातुबुरु लौह अयस्क खदानें और गुआ लौह अयस्क खदानें शामिल है।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 12 फरवरी तक पोर्टल
"https://apprenticeshipindia.org" के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और प्रतिष्ठान का नाम SAIL-RMDKIRIBURU IRON ORE MINE खोज सकते हैं। उम्मीदवार की प्रोफ़ाइल उल्लिखित वेबसाइट के साथ शत फीसदी अद्यतन होनी चाहिए, सभी उम्मीदवारों को नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार का फोटो (बायोडाटा फॉर्म के निर्धारित स्थान पर चिपकाया हुआ), मैट्रिक प्रमाणपत्र और मार्कशीट की स्वप्रमाणित फोटोकॉपी, आईटीआई पास सर्टिफिकेट और मार्कशीट की स्वप्रमाणित फोटोकॉपी, सीएसआर प्रायोजित आईटीआई उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उत्तीर्ण आईटीआई से प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र(यदि लागू हो), आधार कार्ड, बैंक की पासबुक की स्व-सत्यापित फोटोकॉपी जिसमें उम्मीदवार प्रोफाइल में स्पष्ट रूप से नाम और खाता नंबर अपडेट किया गया हो।
आवेदकों को एक स्व-घोषणा* (संलग्न प्रारूप के अनुसार) देनी होगी कि उनके खिलाफ पुलिस स्टेशन में कोई मामला लंबित नहीं है और यदि यह असत्य पाया जाता है, तो उनकी प्रशिक्षुता तुरंत समाप्त कर दी जाएगी. आवेदन की हार्ड कॉपी एक बंद लिफाफे में भेजी जा सकती है जिस पर ट्रेड एंड माइंस का नाम लिखा हो. सभी उम्मीदवारों को निम्नलिखित दस्तावेजों को संलग्न करते हुए 12 फरवरी तक संलग्न बायोडाटा प्रारूप के अनुसार आवेदन की एक हार्ड कॉपी भेजनी होगी. उक्त जानकारी उप महाप्रबंधक (पीएंडए) अमित विश्वास ने दी।





