आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौके पर ही मौत
सूरजपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नमदगीरी में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। जानकारी के अनुसार, नमदगीरी निवासी विनय देवांगन (35 वर्ष) मंगलवार सुबह अपने खेत में कृषि कार्य कर रहा था। तभी अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के साथ उस पर आकाशीय बिजली गिर गई। गंभीर रूप से झुलसने के कारण विनय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुँची कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





