अहलाद नंदन महतो को नम आँखों से दी गई अंतिम बिदाई
पश्चिम सिंहभूम जिला अन्तर्गत मनोहरपुर प्रखण्ड के तरतरा गाँव में – शनिवार 12:30 बजे जैसे ही गांव में अहलाद नंदन महतो का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव तरतरा पहुंचा,शव को देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं। गांव के लाल को अंतिम बार देखने के लिए हर गांव गली, घर से लोग उमड़ पड़े। वह बेटा, जो कभी अपने सपनों को समुद्र की लहरों से भी आगे ले जाना चाहता था, आज एक सफेद चादर में लिपटा लौट आया – मौन, शांत, लेकिन गौरव से भरा हुआ।
गांव की मिट्टी में लिपटा उसका बचपन, आंगन में खेली गई यादें और मां की गोद अब सिसकियों में बदल चुकी थी। अहलाद नंदन की मां का करुण हर किसी का दिल चीर गया। पिता की आँखें एकटक बेटे की पार्थिव शरीर को निहारती रहीं – जैसे वक्त थम गया हो।
मरीन इंजीनियर अहाद नंदन ईरान की कंपनी, डीएनडी याट शिप मेनेजमेंट सविस कंपनी में इंजीनियर था जो 17अगस्त2024 को गया था।
दिनांक 27 मार्च 2025 को ईरान के चरक बंदरगाह पर तैनाती के दौरान “शिप रासा IMO” में हुए दर्दनाक हादसे ने अहलाद की ज़िंदगी छीन ली। वह तृतीय इंजीनियर के पद पर देश का नाम बढ़ा रहा था, लेकिन ईश्वर की कुछ और ही मंजूर था।
एक महीने से भी अधिक समय तक परिवार ने बेटे के पार्थिव शरीर के इंतजार में दिन-रात गिनें। इस दौरान उन्हें ईरान स्थित जहाज कंपनी और भारतीय दूतावास की लापरवाहियों का भी सामना करना पड़ा। अंततः जब उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, तब– गांव में मातम पसर चुका था।
अंतिम विदाई के वक्त लोगों का हुजूम था, लेकिन हर चेहरा ग़मगीन। युवाओं ने अहलाद महतो अमर रहे और भारत माता की जय के नारों के साथ अपने लाल को ससम्मान विदाई दी।
आज तरतरा गांव ने सिर्फ एक होनहार बेटे को नहीं खोया, बल्कि सपनों की उड़ान भरने वाले एक युवा को खो दिया है।
“मां की ममता, पिता की उम्मीद, गांव का गौरव – अहलाद आज हमारे बीच नहीं, पर उसकी यादें हर दिल में जिंदा रहेगी।” वहीं अपने लाल के शोक में डूबे संतप्त परिवार से मिलने पहुँचे स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने आर्थिक सहायता प्रदान की. साथ ही शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए,दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर मनोहरपुर के प्रखंड़ विकास अधिकारी शक्तिकुंज, सीओ प्रदीप कुमार,प्रखंड कल्याण पदाधिकारी राजेंद्र बाड़ा,अंचल निरीक्षक प्रदीप कुमार रजक सहित काफी संख्या में परिजन ,शुभचिंतक,प्रशानिक अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।





