सुंदरगढ़ में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित
सतीश शर्मा (उप संपादक)
सुंदरगढ़, 21 सितंबर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार देश के तीसरे चरण के तहत इस वर्ष 20 मई से पूरे ओडिशा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसी क्रम में सोमवार (21 सितंबर) को पूरे राज्य के साथ सुंदरगढ़ जिले की अंतिम मतदाता सूची भी प्रकाशित की गई। स्थानीय सद्भावना भवन में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिले की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों तथा सभी मतदान केंद्रों पर भी अंतिम मतदाता सूची उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर जिलाधीश एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शुभंकर महापात्र ने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के सफल संचालन में सहयोग के लिए जिले के सभी नागरिकों, राजनीतिक दलों, नागरिक समाज तथा मीडिया के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने में सहयोग और सक्रिय भागीदारी के लिए सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, अतिरिक्त निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, अन्य अधिकारियों, बूथ स्तर के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों तथा बूथ स्तर के एजेंटों की भी सराहना की।
जिले में 13.95 लाख से अधिक मतदाता
अंतिम मतदाता सूची के अनुसार सुंदरगढ़ जिले में कुल 13,95,981 मतदाता हैं। इनमें 6,90,839 पुरुष, 7,05,027 महिला तथा 115 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं का विवरण इस प्रकार है—
तलसरा विधानसभा क्षेत्र: कुल 1,99,900 मतदाता। इनमें 98,307 पुरुष, 1,01,582 महिलाएं और 11 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।
सुंदरगढ़ सदर विधानसभा क्षेत्र: कुल 2,12,054 मतदाता। इनमें 1,04,408 पुरुष, 1,07,633 महिलाएं और 13 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।
बीरमित्रपुर विधानसभा क्षेत्र: कुल 2,30,591 मतदाता। इनमें 1,13,551 पुरुष, 1,17,031 महिलाएं और 9 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।
रघुनाथपाली विधानसभा क्षेत्र: कुल 1,43,348 मतदाता। इनमें 71,568 पुरुष, 71,768 महिलाएं और 12 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।
राउरकेला विधानसभा क्षेत्र: कुल 1,71,021 मतदाता। इनमें 86,380 पुरुष, 84,616 महिलाएं और 25 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।
राजगांगपुर विधानसभा क्षेत्र: कुल 2,20,681 मतदाता। इनमें 1,09,168 पुरुष, 1,11,489 महिलाएं और 24 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।
बणई विधानसभा क्षेत्र: कुल 2,18,386 मतदाता। इनमें 1,07,457 पुरुष, 1,10,908 महिलाएं और 21 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।
आपत्ति और अपील का प्रावधान
जिला प्रशासन के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति को किसी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के निर्णय पर आपत्ति या शिकायत है, तो वह जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के प्रावधानों के तहत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के 15 दिनों के भीतर जिलाधीश एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष आवेदन कर सकता है।
इसी प्रकार, यदि जिलाधीश एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्णय से भी कोई व्यक्ति संतुष्ट नहीं है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत वह निर्णय की तारीख से 30 दिनों के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष द्वितीय अपील कर सकता है। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की है। आवश्यकता होने पर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 तथा नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन जमा किया जा सकता है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए मतदाता टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में अतिरिक्त जिलाधीश सूरज पटनायक, सदर उपजिलाधिकारी तेजस्विनी बेहरा, डिप्टी कलेक्टर (निर्वाचन) प्रधान, सदर उपजिलाधिकारी कार्यालय के डिप्टी कलेक्टर ज्योति रंजन प्रधान, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नंदिनी मुंडारी सहित अन्य अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
इनमें जय नारायण त्रिपाठी, अशोक कुमार स्वाईं, परशुराम सराफ, सुरेंद्र दास, विश्वनाथ, अरुण कुमार दीक्षित, राधारमण पटेल, विश्वनाथ लेंका, बाबुलू किसान, अजीत प्रसाद, भेसज रथ, प्रभात कुमार नंद, कुसुम टेटे और पूर्णिमा केरकेट्टा प्रमुख थे।





