श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक संपन्न

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक संपन्न

धर्मेन्द्र कुमार सिंह (रिपोर्टर) 

अयोध्या धाम एक बार फिर से धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बैठक का गवाह बनी है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक 9 सितंबर को अपराह्न 3 बजे मणिराम छावनी में आयोजित हुई। इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें न सिर्फ़ मंदिर निर्माण की अद्यतन स्थिति पर चर्चा हुई, बल्कि परकोटे के निर्माण कार्य और नवंबर माह में प्रस्तावित ध्वजारोहण कार्यक्रम पर भी विस्तृत विमर्श किया गया।

बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज ने किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, निर्माण समिति अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरी, शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती महाराज, जगद्गुरु मध्वाचार्य विश्वप्रसन्नतीर्थ, युगपुरुष स्वामी परमानंद, महंत दीनेंद्र दास, डॉ. अनिल मिश्र सहित विशेष आमंत्रित सदस्य दिनेशचंद्र और गोपाल राव आदि उपस्थित रहे। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार के प्रतिनिधि तथा जिला अधिकारी अयोध्या भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक को सफल बनाने और तैयारियों को अंतिम रूप देने में महासचिव चंपत राय स्वयं सक्रिय रूप से जुटे रहे। ज्ञात हो कि ट्रस्ट की पिछली बैठक इसी वर्ष जून माह में आयोजित हुई थी, जिसमें मंदिर निर्माण कार्यों की प्रगति पर समीक्षा हुई थी। अब सितंबर की बैठक में निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति को रखा जाएगा और नवंबर में होने वाले विशाल ध्वजारोहण समारोह की रूपरेखा भी स्पष्ट की जाएगी।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए ट्रस्ट निरंतर बैठकों के माध्यम से समीक्षा करता रहा है। फिलहाल गर्भगृह और शिखर का कार्य अंतिम चरण में है, जबकि परकोटे और शेष मंदिर परिसर के विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ट्रस्ट का मानना है कि नवंबर में प्रस्तावित ध्वजारोहण कार्यक्रम मंदिर निर्माण की प्रगति को नई दिशा देगा और भक्तों के लिए यह क्षण ऐतिहासिक होगा।
रामभक्तों की निगाहें इस बैठक पर टिकी हुई हैं, क्योंकि इससे आगे के धार्मिक आयोजनों और मंदिर निर्माण की स्थिति को लेकर बड़ा संदेश मिलने की संभावना है।