श्रावस्ती को 510 करोड़ की सौगात
धर्मेद्र सिंह (रिपोर्टर)
•एकदिवसीय दौरे पर श्रावस्ती पहुंचे मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी श्रावस्ती को 510 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात।
•38 परियोजनाओं का लोकार्पण व 276 करोड़ की 22 परियोजनाओं का किया शिलान्यास।
•मा0 मुख्यमंत्री ने कटरा श्रावस्ती स्थित दिगंबर जैन मंदिर का भी किया लोकार्पण।
•आस्था के नाम पर उपद्रव करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा-मा0 मुख्यमंत्री।
•हमने सभी धर्मों का किया सम्मान, देश कर रहा है विकास-मा0 मुख्यमंत्री।
श्रावस्ती, 27 सितंबर, 2025। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नाथ एक दिवसीय भ्रमण हेतु जनपद श्रावस्ती के सीताद्वार पहुंचे। सीताद्वार पहुंचने पर अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्र, विधायक रामफेरन पाण्डेय, सदस्य विधान परिषद श्रावस्ती साकेत मिश्रा, जिलाध्यक्ष डॉ0 मिश्रीलाल वर्मा, आयुक्त देवीपाटन मण्डल गोण्डा शशि भूषण लाल सुशील, पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन मण्डल गोण्डा अमित पाठक एवं जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने अगुवानी कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने जनपद श्रावस्ती हेतु 234 करोड़ की लागत की कुल 38 परियोजनाओं का लोकार्पण व 276 करोड़ की लागत की 22 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस प्रकार कुल 510 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। इस दौरान मा0 मुख्यमंत्री जी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के 01 व मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार के 02 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति चेक प्रदान किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के 05 लाभार्थी परिवारों को 05-05 लाख रूपये का चेक भी प्रदान किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कटरा श्रावस्ती स्थित नवनिर्मित दिगंबर जैन मंदिर का लोकार्पण भी किया।





