भाजपा का 42वाँ स्थापना दिवस
रामप्रवेश चौधरी (संपादक)
भाजपा का 42वां स्थापना दिवस : जानें पार्टी का इतिहास
देश के राजनीतिक इतिहास में छः अप्रैल का दिन खास अहमियत रखता है। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी और आज देश की सबसे बड़ी पार्टी है।। श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा 1951 में स्थापित भारतीय जन संघ से इस नई पार्टी का जन्म हुआ। 1977 में आपातकाल की घोषणा के बाद जनसंघ का कई अन्य दलों से विलय हुआ और जनता पार्टी का उदय हुआ। पार्टी ने 1977 के आम चुनाव में कांग्रेस से सत्ता छीनी थी और 1980 में जनता पार्टी को भंग करके भारतीय जनता पार्टी की नींव रखी गई थी। भारतीय जनता पार्टी के लिए आज का दिन बेहद खास है क्योंकि आज उसका 42वां स्थापना दिवस है।
क्या है भाजपा का इतिहास !
बीजेपी का गठन 6 अप्रैल, 1980 को नई दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित एक कार्यकर्ता अधिवेशन में हुआ था। इसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी थे। हालांकि इस पार्टी के मूल में साल 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा निर्मित भारतीय जनसंघ है। साल 1977 में जब ये कई दलों के साथ मिल गया तो इसे जनता पार्टी नाम दिया गया। जनता पार्टी से ही बाद में भारतीय जनता पार्टी बनी।
साल 1984 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को केवल 2 सीटें मिली थीं। लेकिन आज उसकी देश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार है।भाजपा की प्रमुख विचारधारा हिंदुत्व और राष्ट्रवाद है। राम मंदिर, अयोध्या जैसे मुद्दों ने उसकी ताकत में और भी इजाफा किया है।
अपने शुरुआती दौर में भाजपा को मजबूत बनाने का श्रेय दिवंगत पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ बीजेपी नेता लाल कृष्ण आडवाणी को जाता है। साल 1996 में अटल बिहारी वाजपेयी बीजेपी से पहली बार पीएम बने थे, लेकिन बहुमत ना मिलने की वजह से ये सरकार केवल 13 दिनों में ही गिर गई थी।
इसके बाद 1998 में हुए चुनावों में वाजपेयी फिर पीएम बने, लेकिन ये सरकार भी गिर गई। इसके बाद साल 1999 में एक बार फिर बीजेपी ने गठबंधन करके सरकार बनाई लेकिन 2004 के लोकसभा चुनावों में इस पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद पूरे 10 साल तक इस पार्टी को सरकार बनाने के लिए इंतजार करना पड़ा और साल 2014 में पार्टी ने एक बार फिर सरकार में वापसी की और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत के साथ लोकसभा चुनावों में जीत हासिल की। 2014 से लेकर अब तक केंद्र में बीजेपी की सरकार है और नरेंद्र मोदी इस पार्टी के सबसे प्रमुख चेहरे हैं।





