बालूघाट कर्मियों को पानी पिलाने वाले पर डम्पर चढ़ने से हुई मौत
बीते कल दिनांक 29 दिसम्बर को बिसरा थाना अंतर्गत आनेवाले तेतेरकेला ग्राम निवासी 52 वर्षीय बहादुर महतो जो डम्पर की चपेट में आ गया था, उनकी मौत हो गई।
परिजनो से मिली जानकारी के अनुसार स्वर्गीय बहादूर महतो तेतेरकेला बालूघाट कर्मचारियों को पेय जल आपूर्ति करने का काम करता था।
रोजाना की तरह सुबह बालूघाट में कार्यरत कर्मचारियों को पानी मुहैया करने के बाद अपने घर वापस आया। और कपड़े, साबुन, तेल वगैरह लेकर नहाने के लिए सवा बारह बजे के करीब नदी घाट की ओर अपनी साईकिल धकेलते हुए ,नदी घाट से बालू ढुलाई किए जाने के रास्ते से होते हुए जा रहा था कि बालू ढुलाई के कार्य में लगा एक डम्पर उसे ठोकर मारते हुए उसके ऊपर से गुजर गई।
बिसरा थाना से मिली सूचना के अनुसार डम्पर क्रमांक ओ आर 14 आर, 1480 का आगे और पीछे का दोनों पहिया स्वर्गीय महतो के ऊपर से गुजरा था।जिसके बाद उसे अस्पताल ले गए जहाँ चिकित्सक द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। इस संबंध में सोनू महतो द्वारा बिसरा थाना में एक लिखित शिकायत दी गई है। जिस पर कार्यवाही करते हुए बिसरा थाना की पुलिस द्वारा दिनांक 29 दिसम्बर 2023 को थाना कांड़ संख्या 185 में भारतीय दण्ड विधा की धारा 279, 304 ए, के तहत मामला दर्ज कर, उक्त डम्पर और साइकिल को जप्त कर लिया गया है।
थाने से मिली सूचना के अनुसार इस मामले में अबतक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि इस बालूघाट से गैर कानूनी तरीके से बालू ढुलाई का कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में संबंधित तहसील कार्यालय से जानकारी मांगने पर पता चला की अब बालूघाट खनीज विभाग के आधीन है।
इस संबंध में जिला खनीज विभाग की वेबसाइट देखने पर किसी बालूघाट की नीलामी का कोई जिक्र नहीं मिलता।
ऐसे में एक गैरकानूनी बालूघाट से बालू ढुलाई कर रहे डम्पर से कुचलकर एक व्यक्ति की मौत हो जाने पर भी बालूघाट संचालक और डम्पर चालक पर कोई कार्यवाही ना होना कई तरह के प्रश्न खड़े कर रहा है।





