बंडामुंडा में पेयजल समस्याओं के समाधान की मांग
बंडामुंडा में पेयजल समस्याओं के समाधान की मांग, WATCO के महाप्रबंधक को सौंपा गया ज्ञापन
बंडामुंडा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन लीकेज एवं नए जल कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भाजपा बंडामुंडा मंडल अध्यक्ष लखन लोहार ने WATCO के महाप्रबंधक (GM), राउरकेला को आवेदन दिया है। आवेदन में क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पेयजल संबंधी समस्याओं को उठाते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। लखन लोहार ने बताया कि D-Cabin रोड, डीजल कॉलोनी ब्रिज के पास तथा विभिन्न बस्तियों में पाइपलाइन फटी होने के कारण घरों में पानी का प्रेशर कम आ रहा है। उन्होंने इन स्थानों पर पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने का अनुरोध किया।
इसके अलावा, सेक्टर-C, नया पल्ली, चूड़ी बस्ती, सेक्टर-E, गांधी नगर एवं लक्ष्मी नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की गई है। आवेदन में पाइपलाइन एवं जलापूर्ति के लिए पाईप बिछाने हेतु सड़कों पर खोदे गए गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराने पर भी जोर दिया गया है। इन गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।लखन लोहार ने विशेष रूप से D-Cabin स्थित कुंती बस्ती में पेयजल कनेक्शन का कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय निवासियों को नियमित पेयजल सुविधा मिल सके। उन्होंने WATCO के महाप्रबंधक से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का अनुरोध किया।





