नदी किनारे पोटली में लिपटी मिली शिशु कन्या का शव

नदी किनारे पोटली में लिपटी मिली शिशु कन्या का शव

कोरबा। सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत फोकट पारा मोहल्ले से लगे हसदेव नदी के किनारे पुल के नीचे एक नवजात कन्या शिशु का शव बरामद हुआ है।

 आज सुबह यहां बच्चों ने किनारे पर एक गठरी पड़ी हुई देखी और इसमें कुछ होगा, ऐसा सोचकर जब गठरी को खोला तो प्लास्टिक की गठरी खोलते ही भीतर चादर में लिपटा हुआ शिशु नजर आया जो संभवत: अभी 9 माह की उम्र भी अज्ञात मां के गर्भ में पूरी नहीं कर सका था। समय से पहले उसका प्रसव कराया गया है, उसकी नाल में कटर मशीन भी फंसा हुआ है तथा पास में ए पी डायग्नोस्टिक सेंटर कटघोरा का थैला भी मिला है।
जिस तरह से नवजात का शव मिला है, उससे संदेह नहीं कि किसी ने अपनी करतूत को छुपाया है या फिर समय से पूर्व प्रसव करा कर शव को ठिकाने लगाया गया है। मौके पर मिले ए पी डायग्नोस्टिक के थैले ने इस मामले को और भी संदेहास्पद बना दिया है कि क्या इसके तार इस केंद्र से जुड़े हुए हैं या फिर कुछ और बात है? संदेह है कि सोनोग्राफी जांच से गर्भ में कन्या शिशु होने का पता चलने के बाद इस भ्रूण हत्या को अंजाम दिया गया हो, या अवैध संबंध की परिणिति को छिपाने का कृत्य है? बहरहाल, स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंच गईं है। जांच पड़ताल के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा। इस घटना को लेकर फोकटपारा, इंदिरा नगर मोहल्ले में सनसनी व्याप्त है।