दुर्गा अष्टमी को विद्यालय में हुआ कन्या पूजन

दुर्गा अष्टमी को विद्यालय में हुआ कन्या पूजन

प्राथमिक विद्यालय चमरहिया हर्रैया बस्ती में चैत्र नवरात्रि शुक्ल पक्ष की अष्टमी पर वार्षिकोत्सव,शारदा संगोष्ठी, रिपोर्ट कार्ड वितरण तथा कन्या पूजन कार्यक्रम पारंपरिक श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हर्रैया नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी तथा समाज सेवी अमित गुप्ता तथा श्रीमती ज्योति गुप्ता और प्रधानाध्यापिका भारती शुक्ला ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का बैज तथा तिलक से स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि अमित गुप्ता ने कहा कि शिक्षा से व्यक्ति के विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। सुशिक्षित व्यक्ति समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी होता है। व्यक्तित्व निर्माण की दृष्टि से त्यौहार और सांस्कृतिक कार्यक्रम सहायक होता है। ज्योति गुप्ता ने कहा कि लडकियों की शिक्षा के लिए सार्थक प्रयास से समाज और राष्ट्र विकसित होता है। छात्राओं को पढाने से वे सशक्त और आत्मनिर्भर बन रहीं हैं। प्राथमिक विद्यालय चमरहिया बेटियों की शिक्षा के लिए श्रेष्ठ कार्य कर रहा है। प्रधानाध्यापिका भारती शुक्ला ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप प्राथमिक शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। भौतिक संसाधन आपरेशन कायाकल्प, स्मार्ट क्लास, नि:शुल्क यूनीफॉर्म, किताब, जूता मोजा, बैग आदि उपलब्ध करा रही है। प्राथमिक विद्यालय निपुण लक्ष्य के अन्तर्गत गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। दुर्गा अष्टमी के अवसर पर छात्राओं का कन्या पूजन किया गया। तिलक लगाकर तथा पुष्प वर्षा कर उनके दैवी स्वरूप की आराधना की गयी। कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राओं को रिपोर्ट कार्ड तथा श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले को पुरस्कार प्रदान किया गया। कक्षा 5 में काव्या वर्मा, कक्षा 4 में मंगल मिश्रा, कक्षा 3 में अंशु वर्मा, कक्षा 2 में अभिनंदन मिश्रा तथा कक्षा 1 में रुख्सार बानो को ट्राफी, टिफिन, प्लेट कापी पेंसिल प्रदान किया गया। इसी प्रकार द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले और अन्य सभी छात्र छात्राओं को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। वार्षिकोत्सव के अवसर पर स्वागत गीत, सरस्वती वंदना काव्या, छवि, माही सिंह, अंशिका, नेहा ,निधि, पलक, मीनाक्षी ने प्रस्तुत किया। राष्ट्रभक्ति गीत, रामायण लघु नाटिका, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर नाटिका, ऊर्जा संरक्षण पर प्रेरणा दायक कार्यक्रम इको क्लब के छात्र छात्राओं रिया, छवि, रीतिका, आराध्या, मंगल, अभिनंदन आदि ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक सुरभि पटेल ने किया। कार्यक्रम में अभिभावकों के साथ शारदा संगोष्ठी के अन्तर्गत छात्र छात्राओं के शत् प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति के लिए विचार विमर्श किया गया। ड्राप आउट बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ने के लिए संपर्क अभियान चलाने पर सहमति बनी। सरकार की योजना से अभिभावकों को परिचित कराया गया। कार्यक्रम में सहायक अध्यापक विजय कुमार, रसोइया कौशिल्या, उर्मिला के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थिति थे।