तबियत बिगड़ने से एक सीआरपीएफ जवान की मौत
राजेश लोहार (स्ट्रींगर)
मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र स्थित सारंडा के दीघा सीआरपीएफ कैंप में पदस्थापित 134 बटालियन के एसआई भुलन राम (59) का रविवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। रात में अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें तत्काल कैंप के जवानों द्वारा उड़ीसा के बिसरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, एसआई भुलन राम को देर रात अचानक तेज उल्टी होने लगी, जिसके बाद स्थिति गंभीर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा के लिए रवाना किया गया, परंतु उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना से सीआरपीएफ कैंप में शोक की लहर है।





