जंगली हाथी ने घर तोड़कर अधेड़ को किया क्षत विक्षत
पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत आनेवाले मनोहरपुर प्रखंड के सामठा गांव में गुरुवार रात करीब नौ बजे एक जंगली दंतैल हाथी ने एक अधेड़ व्यक्ति को पटक पटककर मार डाला,इतने भी हाथी का क्रोध शांत न हुआ उसने उस व्यक्ति का शव चीर फाड़ कर क्षत विक्षत कर दिया। अधेड़ की पहचान सामठा गांव निवासी बिरसा जोजो (56) के रूप में की गयी है। बिरसा जोजो खेतीबाड़ी करता था। हाथी ने बिरसा के शव को चीर-फाड़कर दो टुकडे़ कर दिए।
इस घटना को अंजाम देने के बाद हाथी घटना स्थल पर काफी देर तक खड़ा रहा, बाद में ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह घटना स्थल से चला गया। इस घटना की सूचना पाकर वन विभाग कर्मचारी और जराइकेला थाना प्रभारी आशीष भारद्वाज स-दलबल के साथ मौके पर पहुंचे, और शव को कब्जे में लेकर शव परीक्षण के लिए चक्रधरपुर भेज दिया ।
वन विभाग ने मृतक के आश्रित को तत्काल 25 हजार रुपये दिए, साथ ही सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाले मुआवजे के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राप्त सूचना के अनुसार गुरुवार रात एक दतैल हाथी ने बिरसा के घर पर धावा बोल दिया और हाथी उसके घर को क्षतिग्रस्त करने लगा, यह देख घर में मौजूद सदस्यों की नींद टूट गई, हाथी का हमला होता देख घर के सभी सदस्य बाहर जान बचाकर भागने लगे, परंतु बिरसा हाथी की चपेट में आ गया, हाथी ने बिरसा को अपने सूंढ में लपेटकर जमीन में पटक दिया, वह काफी गुस्से में था. हाथी ने बिरसा को कई बार उठा उठाकर पटका और अंत में उसके शरीर को चीर फाड़ कर क्षत विक्षत कर दिया। इस घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है।इधर मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बिरसा खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।





