अज्ञात लोगों ने युवक के साथ मारपीट कर जबडा़ फाडा़

असुरक्षित और अशांत हो रहा उदयपुर, बढ़ता अपराध बना चिंता का विषय

अज्ञात लोगों ने युवक के साथ मारपीट कर जबडा़ फाडा़

उदयपुर/ सरगुजा - शहर में लगातार बढ़ते अपराधों ने आमजन के मन में डर का माहौल बना दिया है। ताजा मामला इतना खौफनाक है कि सुनकर रूह कांप उठे।

शनिवार देर रात उदयपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक को कुछ अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक का आधा जबड़ा काट दिया गया, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह लहूलुहान हो गया। युवक के चेहरे पर मांस के लोथड़े झूलते पाए गए, जिससे उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय युवा मित्र मंडली के सदस्यों ने घायल युवक को तत्काल सीएचसी अस्पताल, उदयपुर पहुँचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

मामले की जानकारी मिलते ही उदयपुर पुलिस सक्रिय हुई और थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह, उप निरीक्षक आभाष मिंज के नेतृत्व में टीम अस्पताल पहुंची। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हमला करने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल, युवक की पहचान नहीं हो सकी है और न ही हमलावरों की जानकारी सामने आई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

यह घटना न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि उदयपुर जैसे शांत इलाके में लगातार बढ़ते अपराधों की गंभीरता को भी उजागर करती है।

सवाल यह है कि क्या नागरिक खुद को सुरक्षित मान सकते हैं।