शादी का झांसा देकर युवती को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार
धर्मेन्द्र सिंह (रिपोर्टर)
श्रावस्ती। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई है। थाना हरदत्तनगर गिरन्ट से जुड़े एक मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी चाँद बाबू पुत्र फारूख उर्फ भुट्टू को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला उस समय सामने आया जब पीड़िता की मां ने थाना हरदत्तनगर गिरन्ट में तहरीर दी थी कि चाँद बाबू ने उसकी बेटी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चन्द्र उत्तम और क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश कुमार शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक महिमानाथ उपाध्याय की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने बुधवार को कटवा मोड़, ग्राम इमलिया करनपुर के पास से आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संतोष यादव, हेड कांस्टेबल सुनील सरोज, कांस्टेबल जय शंकर प्रसाद और कांस्टेबल सचिन यादव शामिल रहे।
इस कार्रवाई के बाद श्रावस्ती पुलिस ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि अपराध कर बच निकलना आसान नहीं है। खासकर महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के मामलों में पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।





