शराब पार्टी के बाद हत्या आरोपी गिरफ्तार
धरमेंद्र सिंह (रिपोर्टर)
अयोध्या के थाना पूराकलन्दर क्षेत्र में खेत पर हुई एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी द्वारा आज प्रेस वार्ता कर बताया गया कि हत्या के आरोपी विनय कुमार प्रजापति (उम्र 19 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त हसिया, घटना के वक्त पहने गए कपड़े, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और सबूत नष्ट करने के लिए जलाए गए कपड़ों के अवशेष बरामद किए हैं।
घटना का विवरण:
दिनांक 23-24 जून की रात ग्राम पलिया गोवा निवासी नागेन्द्र प्रसाद यादव उर्फ सोनू (उम्र 40 वर्ष) अपने खेत में पानी लगाने गया था, जहां उसका रक्तरंजित शव चारपाई पर पड़ा मिला। इस पर थाना पूराकलन्दर में मु0अ0सं0 415/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा:
गिरफ्तार आरोपी विनय कुमार ने बताया कि मृतक सोनू उसका परिचित था और घटना वाली रात दोनों ने एक साथ बैठकर खाना खाया। सोनू मसौधा से मुर्गा और शराब लेकर आया था, जबकि विनय अपने घर से रोटी-चावल लेकर गया। खाने-पीने के बाद दोनों ने लूडो खेला, इसी दौरान सोनू ने विनय की बहन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। गुस्से में आकर विनय ने पास में रखे हसिया से उसका गला काट दिया।
हत्या के बाद विनय ने सोनू के पिता को फोन कर यह कहकर बुलाया कि “भइया को खून की उल्टी हो रही है”, जिससे संदेह न हो। मौके पर भीड़ जुटने के बाद भी वह वही मौजूद रहा ताकि खुद पर शक न जाए। इसके बाद अयोध्या थाना पूराकलंदर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या की घटना कारीत करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।





