महिला सदस्यों को एलसीडी पुरुष सदस्यों को मोबाइल भेंट

 महिला सदस्यों को एलसीडी पुरुष सदस्यों को मोबाइल भेंट

धर्मेंद्र कुमार सिंह (रिपोर्टर) 

विकासखंड पूरा में 54 क्षेत्र पंचायत सदस्यों का सम्मान समारोह संपन्न महिला सदस्यों को एलसीडी, पुरुष सदस्यों को मोबाइल भेंट।

 अयोध्या के विकासखंड पूरा बाजार में ब्लॉक प्रमुख उषा सिंह के कार्यकाल की चारवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ग्राम रामपुर हलवारा स्थित एच.आर. पैलेस के सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 54 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं ब्लॉक प्रमुख संघ के जिला अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह ने की। समारोह में महिला क्षेत्र पंचायत सदस्यों को कलर एलसीडी टीवी और पुरुष सदस्यों को मोबाइल फोन भेंट किए गए। सभी सम्मानित सदस्यों को माल्यार्पण कर अभिनंदन भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा, "यह संयोग है कि आज शिवेंद्र सिंह का जन्मदिन भी है। हम उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं और उनके उज्ज्वल राजनीतिक एवं सामाजिक भविष्य की कामना करते हैं। विकासखंड पूरा में जो समग्र विकास कार्य हुए हैं, वे निश्चित ही जिले के अन्य ब्लॉकों के लिए प्रेरणा हैं।"
शिवेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा, "यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि उन सभी जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधानों का है, जिनके सहयोग से पूरा बाजार विकासखंड निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। जन्मदिन पर मिले स्नेह और सम्मान के लिए मैं सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।"
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, वरिष्ठ नेता भगवान बक्श सिंह, गन्ना समिति अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश पांडे 'बादल', ब्लॉक अध्यक्ष कपिल देव वर्मा, महानगर उपाध्यक्ष रामप्रीति वर्मा, हर्ष सिंह, व बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य और अन्य क्षेत्रीय गणमान्यजन।