वेदव्यास नदी में डूबने से 11 वर्षीय बालक की मौत
राउरकेला के वेदव्यास नदी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां नदी में डूबने से एक 11 वर्षीय बच्चे की असामयिक मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान शुभम प्रधान (11 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कि अजीत प्रधान के पुत्र थे। मिली जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 4:30 बजे के आसपास की है। शुभम नदी के पास मौजूद था, तभी अचानक वह गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलने पर तत्काल पहुंची वेदव्यास थाना की पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए बचाव कार्य (रेस्क्यू) शुरू कर दिया और बच्चे को नदी से बाहर निकाला।
अस्पतालों के चक्कर काटते रहे परिजन, अंत में टूटी सांसें
नदी से निकालने के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए पिता अजीत प्रधान और परिजन उसे तुरंत जेपी (JP) हॉस्पिटल ले गए। वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे तुरंत हाई-टेक (Hi-Tech) हॉस्पिटल और फिर भेषज पटेल अस्पताल रेफर किया गया। हर संभव प्रयास के बाद, अंत में उसे राउरकेला सरकारी अस्पताल (RGH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
जीवीका उपार्जन के लिए वेदव्यास में रह रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि यह परिवार मूल रूप से लाठीकाटा (Lathikata) क्षेत्र का रहने वाला है, लेकिन पिता अजीत प्रधान अपनी आजीविका और रोजी-रोटी के सिलसिले में अपने परिवार के साथ वेदव्यास के ही एक घर में रह रहे थे। इस अचानक हुए हादसे से पिता अजीत प्रधान और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इलाके में शोक का माहौल है और पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।





