राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 हर्षोल्लास के साथ संपन्न
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 हर्षोल्लास के साथ संपन्न
सतीश शर्मा (उपसंपादक)
राष्ट्रीय प्रौद्योगिक संस्थान, राउरकेला में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर “पार्टिकल हंटर’स गाइड” विषय पर मुख्य व्याख्यान तथा ‘मैजिक ऑफ साइंस’ शीर्षक से विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी एनआरएफ़ पीएआईआर-साही (सस्टेनेबल एग्रीकल्चर, हेल्थ, एनर्जी एंड एनवायरनमेंट) कंसोर्टियम के अंतर्गत आयोजित की गई।
भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी के
श्री विज्ञान सम्मान प्राप्त वरिष्ठ वैज्ञानिक, प्रो. नब कुमार मंडल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। उन्होंने प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशाला तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के विकास का आधार है।

डॉ. मोनालिसा पटनायक (प्रोफेसर-इन-चार्ज, इंस्टीट्यूट सेमिनार) के स्वागत भाषण के बाद संस्थान के शोधकर्ताओं ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और विकास से जुड़े 12 नवाचारी मॉडल एवं शोध-पत्र प्रस्तुत किए। प्रो. एस. के. प्रतिहार (प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एएनआरएफ-पीएआईआर) ने सहयोगात्मक अनुसंधान पहलों की आवश्यकता पर बल दिया।
संस्थान के निदेशक प्रो. के. उमामहेश्वर राव ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान परीक्षण और त्रुटि की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि ‘असफलता’ भी सफलता की दिशा में एक महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने भारत रत्न सी वी रमन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी खोज ‘रमन प्रभाव’ जिज्ञासा, सूक्ष्म अवलोकन और दृढ़ संकल्प का परिणाम थी।
मुख्य वक्ता प्रो. नब कुमार मंडल ने “पार्टिकल हंटर’स गाइड” विषय पर व्याख्यान देते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, प्रमाण-आधारित सोच विकसित करने तथा जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए जिम्मेदार नीतियों और जागरूक नागरिक व्यवहार की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रदर्शनी में एलडीआर आधारित स्वचालित स्ट्रीट लाइट प्रणाली, ग्रेफाइट इलेक्ट्रोड द्वारा जल का विद्युत अपघटन, प्रकाश-सक्रिय हाइड्रोजन उत्पादन, पाईजो डांस फ्लोर, सोलर एलईडी डिस्प्ले, चेहरे की गतिविधि आधारित मोटर नियंत्रण, कृषि क्वाडकॉप्टर ड्रोन, प्लांट म्यूजिक, ईईजी आधारित मस्तिष्क गतिविधि प्रदर्शन, मधुमेह जांच मॉडल, ‘सेव द लेक मिशन’ तथा पेपर क्रोमैटोग्राफी द्वारा डाई पृथक्करण जैसे नवाचारों ने विद्यार्थियों के विशेष आकर्षण के केंद्र रहे।
इस आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के 400 से अधिक छात्र-छात्राओं सहित संस्थान के विद्यार्थी, संकाय सदस्य एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे ।





