राम लगन मौर्य हत्याकांड में एक गिरफ्तार औरो की तलाश जोरों पर

राम लगन मौर्य हत्याकांड में एक गिरफ्तार औरो की तलाश जोरों पर

अयोध्या में राम लगन मौर्य हत्याकांड: एडीजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, एक आरोपी गिरफ्तार

अनिल वर्मा (जिला संवाददाता) 

अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कन्दैला गांव में मंगलवार शाम जमीन के पुराने विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में राम लगन मौर्य की गोली और बम मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद बुधवार सुबह घटनास्थल पर जांच के दौरान एक जीवंत बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी लखनऊ प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने घटनास्थल का बारीकी से स्थलीय निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर राम लगन मौर्य पर उस समय जब गोलीयाँ और बम दागे गये जब वह अपनी माता के लिए दवाई लेकर घर लौट रहा था। इस हमले में राम लगन मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। 

घटना के बाद बुधवार सुबह पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। इसी दौरान वहां एक जीवंत बम मिलने की बात सामने आई। बम मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में जांच तेज कर दी। इस मामले में हमलावरों के रूप में गांव के ही ठाकुर राज सिंह उर्फ गोलू और उसके साथियों के नाम सामने आ रहे हैं। आरोप है कि घटना में राज सिंह उर्फ गोलू के परिवार के कुछ लोग भी शामिल थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। मंगलवार को इसी पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और राम लगन मौर्य की जान चली गई। घटना के बाद सोशल मीडिया, विशेषकर व्हाट्सऐप पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि यदि 5 अगस्त को ही राज सिंह कन्दैला की हिस्ट्रीशीट खोली गई थी, तो अब तक उसकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। हालांकि वायरल पोस्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीजी लखनऊ प्रवीण कुमार त्रिपाठी बुधवार को घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मौके का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ मृतक के परिवार से मुलाकात की। एडीजी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करेगी।

एडीजी के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पूराकलंदर पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एडीजी ने एसएसपी अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर को तत्काल टीमें गठित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एडीजी ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके। मौके पर एडीजी लखनऊ प्रवीण कुमार त्रिपाठी के साथ डीआईजी सोमेन वर्मा, एसएसपी अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर और सीओ सिटी श्रेयास त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। घटना के बाद कन्दैला गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।