राजगांगपुर में मुर्गा लड़ाई के अड्डे पर छापा 19 जुआरी गिरफ्तार
राजगांगपुर थाना पुलिस ने कुटुनिया पंचायत के अहिरपड़ा के पास अवैध रूप से चल रही मुर्गा लड़ाई और सट्टेबाजी के अड्डे पर छापेमारी कर 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से मुर्गा लड़ाई के जरिए बड़े पैमाने पर सट्टा लगाए जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी विजय किशोर दास के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर अचानक कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 10 लड़ाकू मुर्गे, 17 मोबाइल फोन, 19 हजार 600 रुपये नकद और मुर्गा लड़ाई में इस्तेमाल होने वाली सामग्री समेत एक घुड़घुड़ी पट्टी जब्त की। कार्रवाई में एएसआई दिवाकर बेहरा, सुनील पटेल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





