रांची में दिनदहाड़े भाजपा नेता की हत्या
रांची में दिनदहाड़े भाजपा नेता की हत्या, टाइगर अनिल महतो को सिर में मारी गोली; आज रांची बंद का ऐलान
झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार को दिनदहाड़े भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या करने के बाद बदमाश फरार हो गए। हालांकि, एक आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने दहशत पैदा करने के लिए वारदात को अंजाम दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने कांके चौक पर भारतीय जनता पार्टी के रांची ग्रामीण जिला के महामंत्री, रामनवमी समिति, कांके के अध्यक्ष और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल महतो टाइगर को सिर में गोली मारी। अनिल महतो प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भी थे।
कब-कहां और कैसे हुई वारदात?
जानकारी के अनुसार, राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में बुधवार को जिला परिषद के पूर्व सदस्य अनिल महतो टाइगर की गोली मारकर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई।
हमले के बाद रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। गोली मारने वाले शूटर को पिठोरिया इलाके से पकड़ा गया है।
यह घटना बुधवार की शाम करीब पौने चार बजे घटित हुई। मोटरसाइकिल सवार अपराधी ने ठाकुर होटल में बैठे अनिल टाइगर को सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलने के बाद कांके पुलिस मौके पर पहुंची और अनिल टाइगर को इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी कुछ बताने को तैयार नहीं था। बता दें कि घटना के वक्त राजधानी में दूसरी तरफ राज्य की बिगड़ती विधि व्यवस्था को लेकर डीजीपी अनुराग गुप्ता पुलिस मुख्यालय में बैठक कर रहे थे।अनिल महतो की हत्या के बाद एक युवक को मौके से पकड़ा गया।
इस हत्याकांड़ को लेकर किसने क्या कहा -
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ।
संजय सेठ ने कहा कि अनिल महतो टाइगर की हत्या निरंकुश हो चुके अपराधियों ने अंजाम दिया है। एक तरफ झारखंड का विधानसभा सत्र चल रहा है, दूसरी तरफ इतनी बड़ी घटना को अपराधी अंजाम देकर निकल जा रहे हैं। यह राज्य सरकार पर बड़ा सवाल है।
झारखंड की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल है और रांची जिला प्रशासन पर भी सवाल है। आक्रोश भरे लहजे में रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि 24 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री खुद इस मामल में हस्तक्षेप करें।
अनिल टाइगर की हत्या की घटना अत्यंत निंदनीय: सुबोधकांत सहाय
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कांके निवासी रांची के पूर्व जिला परिषद सदस्य व समाजसेवी अनिल टाइगर की हत्या की घटना की कड़ी निंदा की है। श्री सहाय ने कहा कि अनिल टाइगर सर्वप्रथम एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार जिस प्रकार आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के प्रति सक्रियता से जुटी है, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
हत्या की सीबीआई जांच हो : प्रभाकर
आजसू के वरिष्ठ नेता प्रवीण प्रभाकर ने हत्या की निंदा करते हुए कहा कि अनिल टाइगर एक सक्रिय उभरते नेता थे और उनकी हत्या एक साजिश के तहत की गई है, जिसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए। राज्य सरकार फेल साबित हुई है।
अपराधियों का मनोबल बढ़ा : देवशरण
आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि राज्य में अब कोई भी सुरक्षित नहीं है।
अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि कांके थाना से थोड़ी दूर पर अपराधी एक राजनीतिक की हत्या हो जा रही है।





