बिसरा में बढ़ रही गाय चोरी की घटनाएं, महीना पूरा होने से पहले 3 गायें चोरी

बिसरा में बढ़ रही गाय चोरी की घटनाएं, महीना पूरा होने से पहले 3 गायें चोरी

बिसरा: सुंदरगढ़ जिले के बिसरा थाना क्षेत्र में इन दिनों गाय चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया है।

मिली जानकारी के अनुसार बिसरा साप्ताहिक बाजार क्षेत्र निवासी रामलखन ठाकुर की एक गाय बीते शनिवार-रविवार की रात करीब 1:40 बजे चोर घर से खोलकर ले भागे। घटना की पूरी तस्वीर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी पुराना बिसरा स्थित एक खटाल से दो गायों की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। हालांकि उस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।

शनिवार रात हुई ताजा घटना के बाद रामलखन ठाकुर द्वारा मामले की जानकारी बिसरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर जांच में जुट गई है। फिलहाल होली फील्ड में स्थित एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में चोरों को गाय ले जाते हुए देखा गया है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के पशुपालकों में डर का माहौल है और लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।