निष्कासित कांग्रेस नेता नई पार्टी बनाने की तैयारी में

निष्कासित कांग्रेस नेता नई पार्टी बनाने की तैयारी में

सतीश शर्मा (उप संपादक) 

कांग्रेस से निष्कासित नेता मोहम्मद मोकिम ने ओडिशा के लोगों को एक नया वैकल्पिक राजनीतिक मंच देने के लिए युवाओं से एकजुट होने का आह्वान किया है। मोकिम ने घोषणा की है कि वह मार्च के अंत तक एक नई राजनीतिक पार्टी का गठन करेंगे। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मोहम्मद मोक़ीम ने सोमवार को एक युवा सम्मेलन का आयोजन कर शक्ति प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने मार्च तक एक नई क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी के औपचारिक गठन के  भी संकेत दिए। इस सम्मेलन में विभिन्न दलों के कई असंतुष्ट नेताओं के आने की उम्मीद थी परंतु उनकी बेटी और कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस के अलावा कोई अन्य प्रमुख राजनीतिक नेता इसमें शामिल नहीं हुआ। इस युवा-केंद्रित सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य  प्रस्तावित पार्टी के औपचारिक शुभारंभ से पहले युवाओं, युवा नेताओं और संगठनकर्ताओं को सक्रिय करना था। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों, विशेषकर तटीय इलाकों से बड़ी भागीदारी देखने को मिली। इसे राज्य में एक वैकल्पिक राजनीतिक मंच गढ़ने की दिशा में मोक़ीम का पहला बड़ा सार्वजनिक कदम माना जा रहा है।
सम्मेलन में बाराबाटी-कटक से कांग्रेस विधायक और मोक़ीम की बेटी सोफिया फ़िरदौस मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उनके साथ अखिल भारतीय छात्र फेडरेशन (एआईएसएफ) की राज्य अध्यक्ष संगमित्रा जेना भी कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिससे युवाओं और छात्रों की व्यापक भागीदारी का संकेत मिला।
सभा को संबोधित करते हुए मोक़ीम ने कहा कि ओडिशा का भविष्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करता है और बदलते राजनीतिक परिदृश्य में एक नए मंच की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “मोक़ीम फ़ाउंडेशन की ओर से हम ओडिशा के विभिन्न हिस्सों से आए युवा नेताओं और युवाओं से कहना चाहते हैं कि अब समय आ गया है। राज्य में एक क्रांति की जरूरत है।”
उन्होंने बताया कि यह पहल “मो ओडिशा, मो दायित्व। फेरीबा गौरव। औ एका विप्लबरा आवश्यकता
(मेरा ओड़िशा, मेरी जिम्मेदारी। गौरव लौटेगा और एक क्रांति की आवश्यकता) के नारे के तहत शुरू की गई है, जो ओडिशा की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत का आह्वान करती है। मधुसूदन दास और गोपबंधु दास जैसे नेताओं के योगदान को याद करते हुए मोक़ीम ने कहा कि ओडिशा 2036 में अपने गठन के 100 वर्ष पूरे करेगा।
उन्होंने कहा, “आज आह्वान है कि नए सिरे से प्रयास किए जाएं ताकि ओडिशा देश का नंबर एक राज्य बन सके।”
मोक़ीम ने दोहराया कि युवाओं, महिलाओं और किसानों सहित विभिन्न सामाजिक वर्गों से व्यापक परामर्श के बाद मार्च के अंत तक नई पार्टी का औपचारिक गठन किया जाएगा और स्पष्ट राजनीतिक एजेंडा तय किया जाएगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि क्या वे युवाओं को आधार बनाकर कांग्रेस के भीतर पनप रहे असंतोष को अपने समर्थन में बदल पाएंगे?  
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने  मोकिम के इस प्रयास का मखौल उड़ाते हुए कहा कि सभी लोग अपनी नई पार्टी बनाने को स्वतंत्र हैं। कांग्रेस को इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

उल्लेखनीय है कि मोक़ीम को 15 दिसंबर 2025 को कांग्रेस से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया गया था। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर ओडिशा कांग्रेस की कार्यप्रणाली और हालिया चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाए थे