नशें में पुत्र ने की पिता की हत्या
बिरमित्रपुर: बिरमित्रापुर थाना अंतर्गत बरहाबांस हर्दा टोली गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे के आदी बेटे ने अपने ही पिता की नृशंस हत्या कर दी। इस संबंध में बिरमित्रपुर थाना कांड संख्या 06/26, दिनांक 03.01.26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है, और हत्यारे पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार अर्जुन कुजूर (उम्र लगभग 35 वर्ष), निवासी बरहाबांस ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि शनिवार रात करीब 9 बजे उसके चाचा समरा कुजूर (55) और उनके पुत्र सूरज उर्फ स्वराज कुजूर (28) के बीच विवाद हुआ था और मारपीट हुई, विवाद के बाद समरा कुजूर का शव कमरे के अंदर पाया गया।
बताया गया है कि आरोपी सूरज कुजूर शराब के नशे में आए दिन पिता से झगड़ा और मारपीट करता था।शनिवार की रात शराब के लिए मना करने पर आरोपी ने पिता को ही मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राम प्रसाद नाग मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच पुलिस अधिकारी निरुपमा महापात्र कर रही हैं। आरोपी को कल सोमवार के दिन न्यायालय में पेश किया जाएगा।इस घटना को लेकर गांव के लोगों मे हत्यारे बेटे के खिलाफ आक्रोश है।पुलिस शव का पंचनामा कर शव को जब्त कर लिया है और शव परिक्षण के लिए भेज दिया है, और मामले की सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है।





