नव-निर्मित पानी टैंक में रिसाव भ्रष्टाचार का लगा आरोप
नुआगांव प्रखंड अंतर्गत आनेवाले लुकुंबेडा़ पंचायत के तावड़ा गांव में वसुंधरा योजना के तहत नव-निर्मित पानी टंकी से पानी रिसाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस पानी टंकी के निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है, जिससे टंकी में रिसाव हो रहा है।
ग्रामीणों ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की है। इस मुद्दे को बिरमित्रपुर विधायक रोहित जोसेफ तिर्की ने विधानसभा में उठाया है। उन्होंने घटिया निर्माण के लिए ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पंचायती राज मंत्री रवि नारायण नायक ने इस समस्या की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि संबंधित ठेकेदार को टंकी की मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं, और इसे 15 दिनों के अंदर पूरा करने के लिए कहा गया है। यदि ठेकेदार इस शर्त का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





