डालमिया सीमेंट का कन्वेयर बेल्ट सड़क पर गिरा बाल बाल बचे लोग

डालमिया सीमेंट का कन्वेयर बेल्ट सड़क पर गिरा बाल बाल बचे लोग

राजगांगपुर में आज डालमिया सीमेंट का कंवेयर बेल्ट सड़क पर गिर गया, बाल बाल बचे सड़क पर गुजर रहे लोग

राजगांगपुर: डालमिया सीमेंट के कन्वेयर बेल्ट ब्रिज का एक हिस्सा आज दोपहर तीन बजे के करीब नगर निगम की सड़क पर गिर गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यह घटना शहर के वार्ड नंबर 9 स्थित आईटी कॉलोनी के पास हुई, जहां यह बड़ा ब्रिज मुख्य सड़क के बीचोबीच गिर पड़ा। घटना के समय सड़क पर कोई नहीं था, वरना यह एक गंभीर हादसे का कारण बन सकता था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कन्वेयर बेल्ट ब्रिज 2013 में स्थापित किया गया था और तब से इसका रखरखाव ठीक से नहीं हो रहा था । इसके गिरने के कारण सड़क के दोनों ओर यातायात पूरी तरह से जाम हो गया, जिससे रानीबंध से शहर के भीतर आने का रास्ता अवरुद्ध हो गया। यह मुख्य सड़क होने के कारण यहां रोजाना सैकड़ों वाहन, राहगीर और दो पहिया वाहन गुजरते हैं। अगर यह ब्रिज  भीड़ के समय गुजरने के दौरान गिरता, तो कई जानें जा सकती थीं। डालमिया सीमेंट प्रबंधन ने कहा कि वे जल्द से जल्द ब्रिज को सड़क से हटा कर यातायात को सुचारू रूप से बहाल करने के लिए प्रयासरत हैं। फिलहाल, ब्रिज को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर काफी चिंतित हैं और उन्होंने ब्रिज के उचित रखरखाव की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके। वही नगरपाल माधुरी लुगुन का कहना है कि वह इस बेल्टब्रिज को दुबारा बनाने की अनुमति नहीं देगी।