गौवंसो से लदी वाहन पलटी 13 गौवंस बरामद

गौवंसो से लदी वाहन पलटी 13 गौवंस बरामद

गौ तस्करी का संदेह: झारखंड नंबर की पिकअप वैन दलकी गांव के पास पलटी, 13 गौवंश बरामद,चालक फरार ...गांववालों की सतर्कता से गौवंश को बचाया गया, पुलिस ने दर्ज किया मामला ...

ओडिशा सुंदरगढ़ जिला के राजगांगपुर विधानसभा अंतर्गत रायबोगा थाना अंतर्गत दलकी गांव के पास बुधवार रात लगभग 11 बजे झारखंड की ओर तेज गति से जा रही एक पिकअप वैन (संख्या JH01FE 3793) अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वैन में लदे 13 गौवंश सड़क पर छिटककर गिर पड़े, जिसमें से कुछ घायल भी हो गए। दुर्घटना के बाद वैन का चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के समय कुछ ग्रामीण मौके पर मौजूद थे। जब वे वैन के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सभी गौवंश सड़क पर पड़े हुए हैं। ग्रामीणों ने तत्काल इस घटना की सूचना दलकी गांव के बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को दी। रात अधिक हो जाने के कारण अगली सुबह गांव के लोगों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने मिलकर लांजीबरना पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर थाना लाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह झारखंड नंबर की गाड़ी अवैध गौ तस्करी में लिप्त हो सकती है और इस दिशा में गहन जांच होनी चाहिए। पिकअप वैन में लदे 13 गौवंश को किसके निर्देश पर और कहां ले जाया जा रहा था, यह अब जांच का विषय बन गया है। गांव वालों की तत्परता से सभी गौवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जबकि घायल पशुओं का इलाज कराकर उन्हें भी सुरक्षित छोड़ दिया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के सुधाकर पांडे की तत्परता से दलकी गांव के बजरंग दल कार्यकर्ता थाने पहुंचे और मामले में शिकायत दर्ज कराई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि रात में प्रशासनिक स्तर पर कोई सहायता नहीं मिली, जिसके चलते उन्हें स्वयं मोर्चा संभालना पड़ा। इधर रायबोगा पुलिस ने गौ तस्करी के संदेह में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। गांव के लोगों ने मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।