गणेश पूजा उत्सव में डीजे पर प्रतिबंध
बिरमित्रपुर: गणेश पूजा की तैयारियाँ शहर में शुरू हो गई हैं। शहर में शांति बनाए रखने और श्रद्धा पूर्वक पूजा संपन्न कराने के लिए बिरमित्रपुर पुलिस प्रशासन द्वारा शांति समिति की एक बैठक बुलाई गई थी ।
यह बैठक बिरमित्रपुर थाना परिसर में आयोजित की गई, जिसमें शांति समिति के सदस्य और पूजा समिति के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी बंदना पात्रों कहा कि पूजा के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका पालन अनिवार्य है। इन दिशा-निर्देशों के अनुसार, डीजे पर प्रतिबंध रहेगा और विसर्जन के लिए रात्रि 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। विसर्जन के समय मद्यपान पर भी रोक रहेगी और किसी अन्य धर्म या समुदाय को पीड़ा पहुंचाने वाले गीत बजाए जाने पर भी पाबंदी रहेगी।
बैठक में उपस्थित उप-विभागीय पुलिस अधिकारी सुशांत कुमार दास ने शांति समिति के सभी सदस्यों से अपील की, कि वे पूजा को शांति पूर्वक संपन्न कराने में सहयोग करें। बैठक में अभियंता रश्मी रंजन दास ने घोषणा की कि श्रेष्ठ पूजा पंडाल को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस बैठक में सुनील तिवारी, अबुल खैरू, बिक्रम पटनायक, उप नगरपाल श्रीमती निवेदिता बागे, गुलाम अहमद, बीके शुक्ला, जगदीश अग्रवाल, रोहित दीप, राम केरकेट्टा, कुना देव, एमडी अब्दुल्लाह, और कमलेश सिंह उपस्थित थे।
इस बार शहर में गणेश पूजा पंडाल निम्नलिखित स्थानों पर सजाए गए हैं: मंगलाल पूजा पंडाल, कुमार टाउन क्लब, सन्डे मार्केट, चाइना टाउन पूजा पंडाल, बैंक कॉलोनी, स्टेशन रोड, और भट्टी रोड।





