खुशबू यादव को लेकर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम की सख्त चेतावनी
खुशबू यादव को लेकर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम का दो टुक, कहा- झूठे प्रचार पर होगी कानूनी कार्रवाई,बोले- खुशबू मेरी जिला प्रतिनिधि हैं, न एपीएस हैं और न ही मेरे स्टाफ की सदस्यस्वतंत्र व सर्वजीनिक पहचान भी है। गलत जानकारी फैलाने वालों को चेतावनी
राउरकेला, 22 अगस्त। केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने खुशबू यादव को लेकर सोशल मीडिया पर एक स्पष्ट और कड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है। उन्होंने दो टुक कहा कि खुशबू यादव उनकी जिला प्रतिनिधि हैं। वह न तो उनकी अतिरिक्त निजी सचिव (APS) हैं और न ही उनके स्टाफ की सदस्य हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि खुशबू लंबे समय से उनके साथ काम कर रही हैं और उनकी सार्वजनिक जिम्मेदारियों तथा संसदीय क्षेत्र से जुड़े कार्यों में सहयोग करती हैं। इसी भूमिका के तहत वह उनके कार्यों से संबंधित सरकारी बैठकों और आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेती हैं। श्री ओराम ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने खुशबू यादव को अपनी अतिरिक्त निजी सचिव (Addl. PS) नियुक्त करने की इच्छा जताया था, लेकिन कुछ कारणों से प्रस्तावित नियुक्ति लागू नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि इससे उनकी वर्तमान भूमिका में कोई बदलाव नहीं आया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खुशबू यादव केवल उनकी प्रतिनिधि के रूप में ही नहीं, बल्कि अपनी स्वतंत्र पहचान, सार्वजनिक प्रतिष्ठा और समर्थक आधार रखने वाली व्यक्तित्व हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर उनकी पदवी को गलत तरीके से पेश करने और उन्हें “फर्जी” बताकर झूठा या बदनाम करने वाला प्रचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति द्वारा उनकी प्रतिष्ठा और गरिमा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से झूठी एवं मानहानिकारक जानकारी तैयार करने, प्रकाशित करने या प्रसारित करने पर कानून के तहत उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ओराम ने कहा कि तथ्य पूरी तरह स्पष्ट हैं और उन्हें जानबूझकर गलत तरीके से पेश करने के किसी भी प्रयास का उचित कानूनी माध्यम से दृढ़ता से जवाब दिया जाएगा।





