एक ही दुकान में तीसरी बार हुई चोरी
रामप्रवेश चौधरी (संपादक)
कांसबहाल के समीप मडियाकुदर में चोरों का आतंक ! सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोरी की घटना ! एक ही दुकान में पंद्रह दिनों के अंतराल पर तीन बार हुई चोरी !
सुंदरगढ़ जिला के राजगांगपुर थाना अंतर्गत कांसबहाल स्थित मडियाकुदर में एक ही मोबाइल दुकान से पंद्रह दिनों में लगातार तीन बार चोरी की घटना को अंजाम देकर घटनास्थल से चोर गिरोह फरार हो गए हैं। थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है लेकिन अभी तक पुलिस मामले को सुलझाने में असफल रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मडियाकुदर स्थित भारत पैट्रोल पंप के सामने राउरकेला प्लांट साइट निवासी आदिल हुसैन की मोबाइल की दुकान है।गत तीस जुलाई की रात चोरों ने दुकान का अलबेसटर काट कर दुकान में घुस कर मोबाइल समेत अन्य उपकरणों की चोरी कर फरार हो गए।
चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। लगभग एक लाख रुपए से अधिक की समानों की चोरी हुई है।
इसके पहले भी गत 15 और 25 जुलाई को भी इसी दुकान से चोरी हुई थी। पंद्रह दिनों में लगातार एक ही दुकान से तीसरी बार चोरी होने से स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी अभी तक चोरों को पकड़ने में पुलिस असफल रहने से दुकानदार अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बताया जाता है की कुछ दिनों पहले एक मुर्गी फार्म और राशन दुकान में भी चोरी हुई थी।
मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है अब देखना यह होगा कि चोरो तक पुलिस कबतक पहुचती है।





