ईडी को विनोद सिंह के पास से मिले जेएसएससी परीक्षा के प्रवेश पत्र

ईडी को विनोद सिंह के पास से मिले जेएसएससी परीक्षा के प्रवेश पत्र

प्रवर्तन निदेशालय ईडी ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए पीएमएलए अदालत को दिए रिमांड पीटिशन में वास्तुकार (आर्किटेक्ट) विनोद सिंह के व्हाट्सएप चैट का हवाला दिया है। विनोद सिंह के पास जेएसएससी परीक्षा में शामिल होने वाले कई अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र  भी मिले हैं। प्रवर्तन निदेशालय  जेएसएससी पेपर लीक में प्रवेश पत्र के विनोद सिंह के पास से मिलने को काफी गंभीर मान रही है।

विनोद सिंह के व्हाट्सएप चैट से कई गोपनीय सूचनाएं खास कर संपत्तियों की खरीद, ट्रांसफर-पोस्टिंग, सरकारी रिकार्ड के आदान-प्रदान की जानकारी भी मिली है। विनोद सिंह के मोबाइल से भी कई लोगों से बातचीत का चैट मिला, जिसमें ट्रांसफर पोस्टिंग आदी शामिल है। 

ईडी ने कोर्ट में दिए गए रिमांड पिटीशन में दी कई अहम जानकारी : कई संपत्तियों का भी खुलासा !!

ईडी ने लिखा है कि जमीन घोटाले की जांच में तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहयोग नहीं कर रहे हैं। ईडी ने दावा किया है कि एजेंसी को उनकी कई अन्य संपत्तियों की भी जानकारी मिली है। ईडी ने कोर्ट को बताया है कि इस मामले में कई अन्य लोगों को लेकर गंभीर बातें सामने आयी है। ईडी ने कोर्ट को यह जानकारी दी है कि उनके पास 539 पन्नों के चैट साक्ष्य हैं।

ईडी ने विनोद सिंह के पास मिले चैट कोर्ट को सौंपे हैं। एक पन्ने में दो अधिकारियों को होटवार व हजारीबाग में पोस्टिंग दिलाने की बात लिखी गई थी। 

श्री सिंह को भी समन किया गया है, जिसके साथ आगे की पूछताछ में हेमंत सोरेन का आमना-सामना कराया जाएगा। केस के आरोपी बड़गाई अंचल के पूर्व राजस्व उपनिरीक्षक से मिले तथ्यों से भी हेमंत सोरेन से जानकारी ली जाएगी।

इसी तरह एक आईएएस का नाम लिखकर उसके पदस्थापन के बारे में लिखा गया है। इसी तरह ट्रांसफर- पोस्टिंग के कई व्हाट्सएप चैट का जिक्र ईडी ने किया है। वहीं बंगाल के चर्चित कोयला माफिया अनूप मांझी उर्फ लाला से भी मुलाकात के लिए विनोद सिंह ने चैट में लिखा है।