हर्रैया के धरमपुर में करोड़ों की लागत से बनेगा स्टेडियम
हर्रैया के धरमपुर में 8.46 करोड़ की लागत से बनेगा ग्रामीण स्टेडियम, 4.23 करोड़ की पहली किस्त जारी
लखनऊ/हर्रैया, बस्ती | 16 अप्रैल 2026
युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन ने विधानसभा क्षेत्र हर्रैया के अंतर्गत ग्राम पंचायत धरमपुर, विकास खंड परसरामपुर, तहसील हर्रैया, जनपद बस्ती में ग्रामीण स्टेडियम निर्माण के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दे दी है। संयुक्त सचिव रमेश चंद्र तिवारी द्वारा 28 मार्च 2026 को महानिदेशक, प्रांतीय रक्षक दल/विकास दल एवं युवा कल्याण विभाग को जारी पत्र में कुल 846.19 लाख रुपये यानी आठ करोड़ छियालीस लाख उन्नीस हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 423.095 लाख रुपये यानी चार करोड़ तेईस लाख नौ हजार पांच सौ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है।
यह धनराशि वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्ययक में अनुदान संख्या-14 के अधीन लेखाशीर्ष "4070-अन्य प्रशासनिक सेवाओं पर पूंजीगत परिव्यय-800-अन्य व्यय-06-ग्रामीण स्टेडियम एवं ओपन जिम का निर्माण (नए कार्य)-24- वृहद निर्माण कार्य" के अंतर्गत प्रावधानित 68.9988 करोड़ रुपये में से स्वीकृत की गई है। स्वीकृत धनराशि महानिदेशक, युवा कल्याण द्वारा उत्तर प्रदेश विधान एवं निर्माण सहकारी संघ लि. पैकफेड को कार्यदायी संस्था के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। वित्त विभाग के 04 नवंबर 2022 के कार्यालय ज्ञाप के अनुसार कार्यदायी संस्था के पास आवश्यकता से अधिक धनराशि न रहे, यह सुनिश्चित किया जाएगा। कार्य की विशिष्टियां, मानक व गुणवत्ता की पूरी जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था की होगी और कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करना होगा। परियोजना में टाइम ओवर रन या कॉस्ट ओवर रन न हो, इसके लिए बजट मेनुअल के प्रस्तर-212 (vii) में दिए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन होगा। कार्यों की गुणवत्ता उच्चकोटि की होना अनिवार्य किया गया है।
ग्रामीण स्टेडियम बनने से हर्रैया क्षेत्र के युवाओं को ट्रैक, ओपन जिम और प्रतियोगी आयोजनों का मंच मिलेगा। ग्रामीण प्रतिभाओं को ब्लॉक स्तर पर ही प्रशिक्षण और अवसर मिल सकेंगे। हर्रैया जैसे ग्रामीण क्षेत्र के लिए यह नए खिलाड़ी और खेलों में नए इतिहास की शुरुआत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक अजय सिंह की पहल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई है। राज्यपाल की सहर्ष स्वीकृति से यह आदेश जारी हुआ है।
स्वीकृति की खबर आते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया विधायक अजय सिंह की तारीफ और बधाइयों का मंच बन गया है। उनके समर्थकों के साथ-साथ विरोधी भी इस कार्य की सराहना कर रहे हैं।





