हनुमान वाटिका में मुख्य मार्ग से हटेगी वाहन पार्किंग

हनुमान वाटिका में मुख्य मार्ग से हटेगी वाहन पार्किंग

राउरकेला स्थित पश्चिम ओडिशा के प्रसिद्ध और देश-विदेश में चर्चित धार्मिक एवं पर्यटन स्थल हनुमान वाटिका में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। हनुमान वाटिका की प्रबंधक संस्था जय हनुमान समिति चैरिटेबल ट्रस्ट ने मुख्य मार्ग पर हो रही अव्यवस्थित वाहन पार्किंग को पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया है।
यह निर्णय शहर के विभिन्न बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों, आम नागरिकों और मीडियाकर्मियों द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों और सुझावों के बाद ट्रस्ट के चेयरमैन आदरणीय श्री दिलीप राय जी के निर्देशानुसार लिया गया है। ट्रस्ट के सचिव शुभ पटनायक द्वारा आज किए गए प्रेस वार्ता के अनुसार, इस नई व्यवस्था की विधिवत शुरुआत आगामी रामनवमी के पावन अवसर से 
यानि 27 मार्च (शुक्रवार) से लागू होगी इस निर्णय के तहत 27 मार्च से हनुमान वाटिका के मुख्य सड़क मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। अब सभी वाहनों की पार्किंग चहारदीवारी के भीतर निर्धारित पेड पार्किंग क्षेत्र में ही की जाएगी। इस प्रेस वार्ता में ट्रस्ट के सचिव पटनायक के अलावा ट्रस्टी एम दिनकर , गणेश बगड़िया , आमंत्रित ट्रस्टी सज्जन खैतान एवं जन संपर्क अधिकारी प्रमोद कुमार नतुल्य उपस्थित थे।
पार्किंग शुल्क इस प्रकार निर्धारित
दोपहिया वाहन: ₹5
तीनपहिया वाहन: ₹10
चारपहिया वाहन: ₹20
छहपहिया या उससे बड़े भारी वाहन: ₹100
प्रवेश और निकास की नई व्यवस्था
वाहनों के प्रवेश और निकास के लिए फिलहाल एक ही गेट निर्धारित किया गया है, जो हाईटेक अस्पताल की ओर जाने वाली लेन में स्थित त्रिशक्ति मंदिर के मुख्य द्वार के बगल में है। इसी मार्ग ( गेट नंबर 4 ) से वाहनों के साथ-साथ आम नागरिकों का आवागमन भी होगा। जहां सुविधा का ध्यान रखते हुए संध्या के समय पर्याप्त  लाइट की व्यवस्था तथा पार्किंग में ड्राइवरों के बैठने की भी व्यवस्था कर दी गई है। बहुत ही शीघ्र वहां पीने के निःशुल्क पानी की व्यवस्था के साथ साथ आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
हालांकि, मुख्य मार्ग स्थित मार्केट कॉम्प्लेक्स के बीच बने गेट नंबर-1 से केवल पैदल यात्रियों का प्रवेश-निकास जारी रहेगा। इस गेट पर किसी भी प्रकार के वाहन पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
आनंद बाजार जाने वालों के लिए विशेष सुविधा
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, जो लोग आनंद बाजार में प्रसाद ग्रहण करने जाते हैं, उनके लिए गेट नंबर-3 (हनुमान जी की विशाल प्रतिमा के पीछे स्थित) से पैदल प्रवेश की व्यवस्था जारी रहेगी लेकिन गेट के सामने वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
जनसहयोग की अपील
जय हनुमान समिति चैरिटेबल ट्रस्ट ने शहरवासियों और पर्यटकों से इस नई व्यवस्था को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। साथ ही किसी भी विशेष परिस्थिति या अतिरिक्त जानकारी के लिए आधिकारिक संपर्क नंबर 9438424282 तथा जनसंपर्क पदाधिकारी प्रमोद कुमार नतुल्य (9437404000) पर संपर्क करने का अनुरोध किया गया है।
यह कदम न केवल यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करेगा, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए एक सुरक्षित और सुगम वातावरण भी सुनिश्चित करेगा।