स्पोर्ट्स क्लब पर असामाजिक तत्वों का हमला
सतीश शर्मा (उप संपादक)
रेलवे कॉलोनी स्थित एक पुराने स्पोर्ट्स क्लब पर सोमवार शाम कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हमला किए जाने की खबर है। उस समय क्लब मैदान में छोटे-छोटे बच्चे अभ्यास कर रहे थे। असामाजिक तत्वों द्वारा हमला करने तथा अभद्र भाषा में गाली-गलौज किए जाने से मैदान में अभ्यास कर रहे बच्चों में भय और आतंक फैल गया, जिसके कारण वे मैदान छोड़कर भाग गए।
इसके बाद हमलावर क्लब परिसर में घुस गए और दरवाजे तोड़ने की कोशिश करने के साथ क्लब भवन को ध्वस्त करने की धमकी दी। घटना के दौरान क्लब के कुछ पदाधिकारी मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन असामाजिक तत्व शांत होने के बजाय उन्हें भी धमकी देने लगे।
इस मैदान में करीब सौ से अधिक बच्चे नियमित अभ्यास करते हैं। लेकिन घटना के बाद भयभीत बच्चे मंगलवार को अभ्यास के लिए नहीं पहुंचे।
वर्ष 1973 में स्थापित यह स्पोर्ट्स क्लब खेल, सांस्कृतिक और सामाजिक कल्याण गतिविधियों के लिए पंजीकृत तथा ISO प्रमाणित संस्था है। क्लब का उद्घाटन वर्ष 1985 में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद दिलीप राय के सहयोग से हुआ था। बाद में वर्ष 2024 में पूर्व राज्य मंत्री एवं राउरकेला विधायक शारदा प्रसाद नायक के सहयोग से इसका पुनरुद्धार किया गया। लंबे समय से यह क्लब स्थानीय युवाओं में खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देता आ रहा है।
क्लब की ओर से आरोप लगाया गया है कि कुछ असामाजिक व्यक्तियों ने क्लब भवन को तोड़ने की धमकी दी, जिससे रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बन गया। इस घटना से लगभग 100 छात्रों का अभ्यास कार्यक्रम बाधित हुआ। क्लब के टीवी रूम में वीडियो क्लिप अभ्यास तथा क्लब फ्लोर पर योगाभ्यास कार्यक्रम भी गंभीर रूप से प्रभावित हुए।
घटना के बाद क्लब अध्यक्ष रंजीत नायक, जो पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं सांसद दिलीप राय के प्रतिनिधि हैं, जिला भाजपा के महासचिव तथा क्लब के महासचिव एवं पूर्व राष्ट्रीय रेफरी डी.एन. मिस्त्री, और मुख्य संरक्षक संजय बबूता ने कार्यकारिणी सदस्यों के साथ एक वर्चुअल बैठक की।
प्रशिक्षुओं और क्लब सदस्यों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यकारिणी समिति ने सर्वसम्मति से अगले आदेश तक क्लब भवन को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है।
क्लब प्रबंधन ने प्रशासन और पुलिस से घटना में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने तथा रेलवे कॉलोनी, राउरकेला में शांतिपूर्ण खेल वातावरण बहाल करने की मांग की है।





