सड़क निर्माण में व्यापक भ्रष्टाचार
नगर पंचायत मरवाही वार्ड-14 में रातों-रात बनाई गई घटिया सड़क, इंजीनियर-ठेकेदार पर गंभीर आरोप
नगर पंचायत मरवाही में विकास के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। इसका ताजा उदाहरण वार्ड क्रमांक 14 में देखने को मिला है, जहाँ लाखों रुपए की लागत से बना सीसी रोड बनते ही टूटने लगा है। तस्वीरों में सड़क की हालत देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि निर्माण में कितनी बड़ी धांधली हुई है।वार्डवासियों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा सड़क का निर्माण दिन में नहीं बल्कि आधी रात को किया गया। न वाइब्रेटर का उपयोग हुआ, न सही मात्रा में सीमेंट, न ही पानी की तराई। बस खानापूर्ति कर सरकारी पैसे का बंदरबांट कर लिया गया। आज हालत यह है कि सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है और गिट्टियां बाहर निकल आई हैं।आरोप है कि नगर पंचायत के जिम्मेदार इंजीनियर ने इस्टीमेट की खुलेआम धज्जियां उड़ाई हैं। कागजों पर 6 इंच मोटी और मजबूत सड़क दिखाई गई है, जबकि मौके पर 2 से 3 इंच की पतली परत बिछाकर इतिश्री कर ली गई। लाखों का बिल पास कराकर इंजीनियर और ठेकेदार ने मोटी रकम डकार ली।
हैरानी की बात है कि इस गुणवत्ताहीन कार्य की जानकारी वार्ड पार्षद से लेकर नगर पंचायत के बड़े अधिकारियों तक को है, फिर भी सब मौन हैं। लोगों में चर्चा है कि इस भ्रष्टाचार के खेल में ऊपर से नीचे तक कमीशन फिक्स है, इसलिए कोई कुछ बोलना नहीं चाहता।अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और कलेक्टर महोदय इस पर क्या कार्रवाई करते हैं। वार्डवासियों ने मांग की है कि सड़क की तकनीकी जांच (कोर टेस्ट) कराकर दोषी इंजीनियर और ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर एफआईआर दर्ज की जाए।





