शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाला पुलिस के हत्थे चढ़ा

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाला पुलिस के हत्थे चढ़ा

युवती को प्रेम जाल में फंसा कर युवक द्वारा शारीरिक शोषण किए जाने के मामले में आरोपित युवक को झारखंड से कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार।

रायगढ़ कोतवाली पुलिस द्वारा धरमजयगढ़ की युवती को रायगढ़ में टीचर का जॉब दिलाने के बहाने उससे जान पहचान बढ़ाकर उसे अपने प्रेम जाल में फंसाकर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी युवक को पलामू (झारखंड) से गिरफ्तार कर आज न्यायिक हिरासत पर भेजा गया है ।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 फरवरी को धरमजयगढ़ में रहने वाली युवती थाना कोतवाली, रायगढ़ आकर उसके साथ शारीरिक शोषण की घटना की लिखित शिकायत  दर्ज करायी । पीड़ित युवती बताई कि उसके परिचित के माध्यम से सिंटू यादव,निवासी,ग्राम-पुरुषोत्तमपुर, थाना-पाकी पलामू (झारखंड)। पिछले साल जुलाई में रायगढ़ के केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड बुलाया था । सिंटू यादव के द्वारा शिक्षक की नौकरी रायगढ़ में दिलवाने के लिए रायगढ़ में रुकने की बात कही। जिसपर युवती रायगढ़ में अपने परिचित के यहां रुक गई । इसी दरमियान सिंटू यादव युवती से मेल-मुलाकात करने लगा और पसंद करता हूं शादी करूंगा कहकर केवड़ाबाड़ी के पास स्थित एक कॉलोनी में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाया जिसके बाद से लगातार सिंटू यादव शारीरिक संबंध बनाता था ।

इस बीच सिंटू यादव अपने गांव झारखंड चला गया और धीरे-धीरे बातचीत कम कर दूरियां बढ़ाने लगा । गत दिनों सिंटू यादव शादी नहीं करूंगा कहकर साफ इंकार करने पर पीड़ित युवती कोतवाली थाने में  सिंटू यादव के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के आवेदन पर थाना कोतवाली में आरोपी पर धारा 376 आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । विवेचना दौरान आरोपी सिंटू यादव के गार्ड का काम करने व पलामू (झारखंड) में रहने की जानकारी पुख्ता होने पर कोतवाली पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रवाना हुई जिसे आज हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया गया । आरोपी सिंटू यादव, पिता गणेश यादव, उम्र 21 साल निवासी ग्राम- पुरुषोत्तमपुर थाना पाकी पलामू (झारखंड) जिसे दुष्कर्म के अपराध में गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के पिता को दिया गया है । आरोपी की पतासाजी,और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतवाली  निरीक्षक शनिप रात्रे, एसआई संतरा चौहान, प्रधान आरक्षक विक्रम चौरसिया की प्रमुख भूमिका रही है ।