मरीज की जीवन बचाने के लिए बिलासपुर से रायपुर तक ग्रीन काॅरिडोर
जिंदगी बचाने की जंग: पूर्व सैनिक की पत्नी की हालत गंभीर, बिलासपुर से रायपुर के लिए आज सुबह 9 बजे बनेगा ‘ग्रीन कॉरिडोर’
बिलासपुर। अपोलो अस्पताल बिलासपुर के आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहीं पूर्व सैनिक की पत्नी को बेहतर इलाज के लिए हर आज 3 सितंबर की सुबह ‘ग्रीन कॉरिडोर’ बनाकर विशेष एंबुलेंस से रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर अस्पताल शिफ्ट किया जाएगा। मरीज की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए रास्ते में एंबुलेंस का एक पल के लिए भी रुकना खतरे से खाली नहीं है, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षित व निर्बाध आवाजाही के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। आईसीसीयू में वेंटिलेटर/क्रिटिकल केयर पर हैं मरीज- मिली जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा निवासी भूतपूर्व सैनिक (नायक) पी.सी. कश्यप (एएससी) की धर्मपत्नी बिलासपुर के अपोलो अस्पताल के आईसीसीयू में गंभीर स्थिति में भर्ती हैं। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए तुरंत उन्नत इलाज के लिए रायपुर रेफर करने की सलाह दी है।
सुबह 9 बजे रवाना होगी स्पेशल एंबुलेंस, पायलट वाहन करेगा एस्कॉर्ट मरीज को लेकर स्पेशल एंबुलेंस सुबह 9:00 बजे बिलासपुर अपोलो से रायपुर के लिए रवाना होगी। बिलासपुर पुलिस से समन्वय स्थापित कर लिया गया है, जो शहर सीमा तक एंबुलेंस को पायलट वाहन के जरिए त्वरित रास्ता (Green Corridor) उपलब्ध कराएगी ताकि समय की एक-एक सेकंड की बचत हो सके। रायपुर में पीक ऑवर्स की चुनौती, ट्रैफिक पुलिस से समन्वय जारी एंबुलेंस के लगभग सुबह 11:00 बजे रायपुर शहर में प्रवेश करने की संभावना है। यह समय शहर में पीक ट्रैफिक का होता है, ऐसे में जाम से बचाने के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय (DSWO) रायपुर के जरिए रायपुर ट्रैफिक पुलिस से विशेष तालमेल बिठाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह है कि रायपुर सीमा में प्रवेश करते ही एंबुलेंस बिना किसी रुकावट के सीधे रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुंच सके। प्रशासन, पुलिस और पूर्व सैनिक संगठन मिलकर समय रहते इस नाजुक मिशन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं, ताकि देश की सेवा कर चुके जवान के परिवार को समय पर जरूरी जीवनरक्षक इलाज मिल सके।





