मनरेगा में फर्जीवाड़े का खेल एक ही फोटो से कई मजदूरों की हाजिरी सिस्टम पर उठे सवाल
माधौगढ़ (जालौन)। विकास खंड माधौगढ़ की ग्राम पंचायत अतरेहटी में मनरेगा कार्यों में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा सामने आया है। ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम में अपलोड की गई तस्वीरों ने पूरे मामले की पोल खोल दी है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था कटघरे में आ गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एक महिला मजदूर की फोटो पर रोहित कुशवाहा नाम के पुरुष की हाजिरी दर्ज कर दी गई। इतना ही नहीं, अर्चना और रूबी के नाम पर एक ही फोटो अपलोड कर दी गई, जबकि बृजमोहन और भगवान के नाम पर एक जैसी शक्ल वाले व्यक्ति की हाजिरी दर्ज पाई गई।ग्राम पंचायत में कालीचरण के खेत से चेकडैम की ओर नाला खुदाई और सफाई का कार्य चल रहा है, जिसमें 14 मास्टर रोल और 128 मजदूरों को कार्यरत दिखाया गया है। लेकिन ऑनलाइन अपलोड की गई तस्वीरें इस दावे की सच्चाई पर सवाल खड़े कर रही हैं। इस पूरे मामले ने ग्राम विकास अधिकारी (सचिव) की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। तकनीक के जरिए पारदर्शिता लाने का दावा करने वाली व्यवस्था खुद ही संदेह के घेरे में नजर आ रही है। सवाल यह है कि जब निगरानी ऑनलाइन है, तो फिर इतनी बड़ी गड़बड़ी कैसे? अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में जांच कर जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई करता है।






