प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
प्रभारी मंत्री ने लाभार्थियों को प्रदान की आवास की चाबी, सिलाई मशीन व ऋण स्वीकृति चेक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति न रहे वंचित-प्रभारी मंत्री
धर्मेंद्र सिंह (व्यौरो चीफ)
श्रावस्ती: प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आबकारी एवं मद्य निषेध विभाग, उ0प्र0/जनपद के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल एक दिवसीय भ्रमण हेतु श्रावस्ती पहुंचे। जनपद पहुंचने पर विधायक रामफेरन पाण्डेय, जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय एवं मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने अगुवानी कर स्वागत किया। तत्पश्चात् प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर गार्ड की सलामी ली। इसके बाद प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त विभागीय अधिकारियों के साथ सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि देश एवं प्रदेश सरकार प्रत्येक व्यक्ति के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है। इसके लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर पात्रता के आधार पर आच्छादित किया जा रहा है। इसलिए सभी विभागीय अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर जिले का विकास करें और यह भी ध्यान रखे कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहने पाये। उन्होंने ये भी कहा कि समाज में अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से मिले, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने प्रभारी मंत्री जी को अवगत कराया कि माह-अक्टूबर, 2025 में जनपद श्रावस्ती की विकास एवं राजस्व कार्यों की संयुक्त रैंक 1 है। माह-अक्टूबर, 2025 में जनपद श्रावस्ती को कुल 87 कार्यक्रमों में से 64 कार्यक्रमों में ए श्रेणी, 3 कार्यक्रमों में बी श्रेणी, 3 कार्यक्रमों में सी श्रेणी, 5 कार्यक्रमों में डी श्रेणी एवं 12 कार्यक्रमों में छ। प्राप्त हुआ है। अतिरिक्त उर्जा, अल्पसंख्यक कल्याण, उद्यान, उर्जा, कृषि, ग्रामीण अभियंत्रण, चिकित्सा एवं स्वास्थ, दुग्ध विकास, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, पंचायती राज, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पशुधन, पिछडा वर्ग कल्याण, मत्स्य, महिला एवं बाल विकास, माध्यमिक शिक्षा, श्रम एवं सेवायोजन, सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, सहकारिता, सिचाई एवं जल संसाधन विभागो के कार्यक्रमो में ’ए’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। जिलाधिकारी ने यह भी अवगत कराया कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओ को धरातल पर उतारकर प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होने कहा कि जिले का सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयास किया जायेगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मा0 प्रभारी मंत्री जी द्वारा जो भी निर्देश दिये गये है, उनका सभी अधिकारी अक्षरशः अनुपालन कर विशेष रूचि लेकर विभाग द्वारा संचालित योजनाओ से पात्रता के आधार पर जन-जन को लाभान्वित करें।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 05 लाभार्थियों को आवास की चाबी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के 02 लाभार्थियों को सिलाई मशीन टूलकिट तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के 02 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत चेक प्रदान किया। अन्त में जिलाधिकारी ने मा0 प्रभारी मंत्री को गेंहूं के डंठल से बनी भगवान शंकर जी की कलाकृति भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर सदस्य विधान परिषद क्रमशः पद्मसेन चौधरी एवं, जिलाध्यक्ष डा0 मिश्रीलाल वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0के0 सिंह, परियोजना निदेशक अश्वनी कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार यादव, जिला विकास अधिकारी रामसमुझ, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।





